Aapka Rajasthan

Jaisalmer पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 
Jaisalmer पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
जैसलमेर न्यूज़ डेस्क, जैसलमेर  सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों व जवानों की ओर से सम रोड जैसलमेर में स्थित बीएसएफ कैम्पस में 1200 पौधे लगाए। इस दौरान सीसुब की 154 वीं वाहिनी के समादेष्टा विनोद कुमार कंडपाल ने बताया कि पेड़ न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहायक होते हैं, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए भी एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने बताया कि जैसलमेर का क्षेत्र, जो अपनी शुष्क जलवायु और रेगिस्तानी भूभाग के लिए जाना जाता है, यहां पेड़-पौधों का होना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

रामदेवरा  वन विभाग की रेंज कार्यलय अधीन सुरक्षा चौकी रामदेवरा में खेजड़ी के 11 पौधे लगा कर पौधरोपण अभियान का आगाज किया गया। इस अवसर पर रेंजर नागेश पुरोहित ने बताया कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार है। सुरेश बिश्नोई ने बताया कि पेड़ हमारे जीवन का आधार है। पर्यावरण बचेगा तो पृथ्वी सुरक्षित रहेगी। उन्होंने बारिश में अधिकाधिक पौधारोपण करने का आव्हान किया। इस अवसर पर प्रभारी सुरेश बिश्नोई, वनरक्षक देवीसिंह, प्रियंका, अब्दे खा, अब्दुल रफीक आदि मौजूद थे। इसी तरह दिव्यांग दिनेश चौहान ने अपने घर सहित आस-पास के क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। दिनेश चौहान पिछले कई सालों से पौधे लगा रहे है। मंगलवार को नीम,शीशम,कनेर, मोगरा सहित कई पौधे लगाए।

फलसूंड  ग्राम पंचायत खुमाणसर में राजकीय उच्च प्राथमिक नथोणीयो सुथारों की ढाणी, श्यामपुरा में पौधरोपण किया गया। संस्था प्रधान ओम प्रकाश लोहिया, बीएलओ नेमाराम मेगवाल, अध्यापक जोगराजसिंह राठौड़ सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों व अभिभावकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी तरह गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में सरपंच रतनसिंह के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। विद्यालय परिसर को हरा-भरा और सुंदर बनाने सहित पर्यावरण सरंक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया । इस दौरान प्रधानाध्यापक हरिराम सुधार, ग्राम विकास अधिकारी भीमदान चारण, पंचायत सहायक जगदीश जीनगर, व्याख्याता मदनसिंह जोधा, धन्नाराम कुमावत सहित ग्रामीण मौजूद थे। इसी तरह ग्राम पंचायत भीखोडाई नई के राजस्व ग्राम सऊनगर के राउमावि सऊओं की ढाणी विद्यालय में हरित राजस्थान अभियान के तहत बुधवार को एक साथ 40 पौधे लगाकर प्रकति की रक्षा व पर्यावरण सरक्षंण का संदेश दिया। हर्ष चारण ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा संचालित एक पौधा माँ के नाम अभियान के तहत प्रधानाध्यापक राजूसिंह जोधा , सौकतखा , सुखाराम सऊ, समाज सेवी नवाब मेहर ने पौधरोपण का आगाज किया।

पोकरण क्षेत्र के गोमट गांव में स्थित डालीबाई आश्रम में बुधवार को पौधे लगाए गए। पर्यावरणप्रेमी शिक्षक दलपतराम जुईया ने सहजन, पीपल आदि किस्मों के पौधे लगाए। उनकी ओर से लगातार कई वर्षों से आश्रम में पौधे लगाए जा रहे है। उन्होंने अन्य लोगों को भी प्रेरित होकर पौधे लगाने की बात कही।