Aapka Rajasthan

Jaisalmer में उमस के साथ चमकी गर्मी, बारिश व अंधड़

 
Jaisalmer में उमस के साथ चमकी गर्मी, बारिश व अंधड़
जैसलमेर न्यूज़ डेस्क, जैसलमेर  जिले के पोकरण और रामदेवरा क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बारिश और बाद में अंधड़ के दूसरी ओर जैसलमेर मुयालय पर उमस का दौर जारी रहा, वहीं तापमान में इजाफा होने से गर्मी और चमक गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया, जो गत गुरुवार को 40.5 डिग्री था। वैसे जैसलमेर में न्यूनतम तापमान गुरुवार की भांति शुक्रवार को भी 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह आकाश में धूल की गर्द छाई हुई थी लेकिन दोपहर के समय शहर में धूप के तीखे तेवरों के साथ चली हवा ने एक तरह से लू के थपेड़ों का अहसास करवाया। उस समय आकाश लगभग साफ ही रहा। शाम के समय गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

पोकरण कस्बे में दिनभर गर्मी, उमस व आंधी के बाद शाम को बारिश का दौर चला। शाम करीब साढ़े सात बजे तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 10 मिनट तक हुई बारिश से सड़कें तरबतर हो गई। साथ ही तेज हवा चलने से मौसम ठंडा व सुहावना हो गया। बारिश से पूर्व सात बजे चली तेज आंधी के कारण कस्बे की बिजली गुल हो गई, जो देर रात तक सुचारू हो सकी। इससे पूर्व शुक्रवार को तड़के बदले मौसम के चलते तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से गर्मी का दौर लगातार जारी है। गुरुवार को दिनभर की भीषण गर्मी व उमस के बाद देर रात आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही शुरू हुई। शुक्रवार को तड़के करीब साढ़ेे तीन बजे बाद तेज हवा के साथ आंधी का दौर शुरू हुआ। तेज आंधी के कारण आसमान में चारों तरफ रेत के गुब्बार उडऩे लगे। तेज झोंकेदार आंधी के कारण कई जगहों पर विद्युत तारें गिर गई और कुछ जगहों पर पेड़-पौधे धराशायी हो गए। करीब पांच बजे बाद हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ, जो पांच-दस मिनट तक चला। कस्बे के तहसील कार्यालय में लगे रेनगेज के अनुसार एक एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद आसमान साफ हो गया और तेज हवा चलने लगी। जिससे तापमान में खासी गिरावट हुई और मौसम सुहावना हो गया।

गर्मी व उमस के साथ चली तेज आंधी : शुक्रवार को दिन चढऩे के बाद सूर्य की तेज किरणें निकली। नौ बजे बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगी। दोपहर में भीषण गर्मी के साथ उमस का मौसम हो गया। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ। दोपहर एक बजे बाद फिर आंधी का दौर शुरू हुआ और आसमान में चारों तरफ रेत के गुब्बार उडऩे लगे। साथ ही हल्के बादलों की भी आवाजाही शुरू हो गई। जिससे तापमान में कुछ गिरावट हुई, लेकिन गर्मी व उमस का दौर देर शाम तक भी जारी रहा। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

बिजली की आवाजाही से परेशानी : कस्बे में शुक्रवार को तड़के तेज आंधी के साथ ही कस्बे की बिजली गुल हो गई, जो सुबह छह बजे बाद सुचारु हुई। इसके बाद बिगड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के कारण शुक्रवार को दिनभर विद्युत की आवाजाही व आंखमिचौनी का दौर चलता रहा।

रामदेवरा  क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान से तेज बादलों की गर्जना के साथ बारिश शुरू होने से ग्रामीणों को सुबह के समय गर्मी से राहत अवश्य मिली थी। शीतल हवाओं हवाओं के साथ कुछ देर तक बरसात हुई। जिससे परनाले बहने लगे। क्षेत्र की सड़कें बरसाती पानी से तरबतर नजर आई, वही सूर्य उदय के साथ मौसम साफ हो गया। सुबह बरसात के बावजूद आमजन को दोपहर से लेकर देर शाम तक भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। वही बरसात के बाद हुई उमस ने लोगो को भीषण गर्मी में पसीने से तरबतर कर दिया।