Aapka Rajasthan

अप्रैल में ही भीषण गर्मी का कहर! राजस्थान का ये शहर बना देश में सबसे गर्म जिला, 46 डिग्री के भी पार पहुंचा पारा

 
अप्रैल में ही भीषण गर्मी का कहर! राजस्थान का ये शहर बना देश में सबसे गर्म जिला, 46 डिग्री के भी पार पहुंचा पारा 

जैसलमेर जिला भीषण गर्मी की चपेट में है। गर्मी के कहर के आगे लोग बेबस नजर आ रहे हैं। मंगलवार को पारा 46.3 डिग्री पर पहुंच गया। जैसलमेर में 1969 के बाद अप्रेल माह में यह सबसे अधिक तापमान है। मंगलवार को तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा। इससे पहले सोमवार को पारा 46.2 डिग्री दर्ज किया गया था। उससे पहले 13 अप्रेल 2018 को 46.1 डिग्री दर्ज किया गया था। जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर भी रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बुधवार को भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। उसके बाद मौसम में बदलाव के साथ गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। सबसे गर्म जैसलमेर मंगलवार को लगातार तीसरे दिन जैसलमेर जिले में आसमान से आग बरसी। सड़कें भट्टी की तरह तप उठीं। दोपहर में सड़कों, बाजारों व चौराहों पर चहल-पहल कम हो गई। वहीं पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले। पिछले तीन दिनों से गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया है। साथ ही घरों में दुबके रहने को मजबूर कर दिया है।

आज लू का ऑरेंज अलर्ट, कल से आंधी
बुधवार का दिन मुश्किल भरा रहेगा। लेकिन उसके बाद भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। बुधवार को मौसम विभाग ने लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसके बाद गुरुवार से मौसम बदलेगा। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि एक मई से जिले में आंधी और बारिश शुरू हो जाएगी। जिससे तापमान में भी 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि एक और दो मई को आंधी, वज्रपात, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके लिए तीन मई को ऑरेंज अलर्ट है। तीन मई को आंधी, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

रात का तापमान 28 डिग्री पर पहुंचा
जैसलमेर में दिन के तापमान के साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है। मंगलवार को दिन के तापमान में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। रात के तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। 12 दिन बाद रात का तापमान फिर 28 डिग्री के पार पहुंच गया। इससे रात में भी गर्मी का असर बढ़ गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। रात और दिन के तापमान में 18 डिग्री का अंतर रहा।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। लू से बचने के लिए पर्याप्त पानी पिएं, ओआरएस, घर में बनी लस्सी, नींबू पानी और छाछ आदि का सेवन करें। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें। बाहर हों तो सिर ढकें और कपड़े, टोपी या छतरी का उपयोग करें। आंखों की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा पहनें और त्वचा की सुरक्षा के लिए सनस्क्रीन लगाएं। गर्मी में बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाएं। अगर बच्चे के पेशाब का रंग गहरा है, तो इसका मतलब है कि वह निर्जलीकरण से पीड़ित है और बच्चों को पार्क की गई गाड़ी में अकेला न छोड़ें।

हीट स्ट्रोक से प्रभावित व्यक्ति के इलाज के लिए सुझाव
हीट स्ट्रोक से प्रभावित व्यक्ति के शरीर का तापमान कम करने के लिए, पीड़ित के सिर पर गीला कपड़ा या पानी डालें। व्यक्ति को ओआरएस या नींबू, शर्बत या शरीर को फिर से ऊर्जा देने के लिए जो भी उपयोगी हो, पीने के लिए दें। व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। अगर तेज बुखार लगातार बना रहे और सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी, जी मिचलाना या भटकाव आदि जैसे लक्षण साफ महसूस हों, तो ऐसी स्थिति में 108 पर कॉल करें।