Jaisalmer बूथ विजय संकल्प के साथ भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक का हुआ समापन
May 25, 2023, 15:50 IST

जैसलमेर न्यूज़ डेस्क, जैसलमेर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यसमिति की बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा की अध्यक्षता में मंगलवार को भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। जिसमें प्रदेश मंत्री केके विश्नोई व जिला संगठन प्रभारी रामस्वरूप गोधा ने भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में जिलाध्यक्ष शारदा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का संदेश सभी कार्यकर्ताओं को देते हुए मोदी के 9 साल बेमिसाल कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। जिला संगठन प्रभारी गोधा ने मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाएं एवं आगामी चुनाव में सभी वर्गों का सहयोग लेते हुए सभी बूथों पर भाजपा का कमल का फूल खिलावे।
जिला महामंत्री सवाईसिंह गोगली ने बूथ सशक्तिकरण अभियान की जानकारी देते हुए सरल एप में डेटा अपलोड करने को कहा। प्रदेश मंत्री केके विश्नोई ने प्रदेश की एक माह की कार्ययोजना बताते हुए इस चुनाव वर्ष में मोदी की योजनाओं को घर घर पहुंचाने की बात कहीं। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सदस्य आईदानसिंह भाटी ने राजनीतिक प्रस्ताव का पठन करते हुए कहा कि इस वर्ष के अंत में इस भ्रष्ट व निकम्मी कांग्रेस सरकार का अंत निश्चित है।