Aapka Rajasthan

पर्यटन सीजन तक जैसलमेर में नहीं होगी कोई फ्लाइट! एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद, जानिए कितने समय बाद फिर से भाल होंगी सेवाएं

 
पर्यटन सीजन तक जैसलमेर में नहीं होगी कोई फ्लाइट! एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद, जानिए कितने समय बाद फिर से भाल होंगी सेवाएं 

जैसलमेर न्यूज़ डेस्क - जैसलमेर में सिविल एयरपोर्ट गुरुवार से सूना हो जाएगा। अब हवाई सेवाओं के लिए सभी को अक्टूबर माह तक इंतजार करना पड़ेगा। गौरतलब है कि इंडिगो एविएशन कंपनी ने अक्टूबर 2024 में विंटर शेड्यूल के तहत दिल्ली, मुंबई और जयपुर के लिए अपनी हवाई सेवाएं शुरू की थी। अब कंपनी का विंटर शेड्यूल 12 मार्च को समाप्त होने से गुरुवार को एयरपोर्ट सूना हो गया है। अब पर्यटन सीजन शुरू होने और विंटर शेड्यूल के तहत अक्टूबर 2025 में फिर से हवाई सेवाएं संचालित की जाएंगी। सिविल एयरपोर्ट जैसलमेर के निदेशक प्रमोद मीना ने बताया- इंडिगो ने दिल्ली, जयपुर और मुंबई के लिए 12 मार्च तक का शेड्यूल जारी किया था, जो पूरा हो गया है। 13 मार्च से कोई शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, इसलिए हवाई सेवाएं बंद रहेंगी।

विंटर शेड्यूल के तहत 5 माह चली फ्लाइट
जैसलमेर में 5 माह तक हवाई सेवाएं देने के बाद इंडिगो की आखिरी फ्लाइट बुधवार को जैसलमेर पहुंची। कंपनी ने 12 मार्च तक का ही शेड्यूल जारी किया था। इसके बाद ऑनलाइन बुकिंग भी बंद कर दी गई थी। बुधवार को इंडिगो की मुंबई, दिल्ली और जयपुर से फ्लाइट जैसलमेर पहुंची। गुरुवार से जैसलमेर का सिविल एयरपोर्ट सूना हो जाएगा। गुरुवार से यहां कोई फ्लाइट नहीं आएगी।

जयपुर को 1 दिसंबर 2024 को जोड़ा गया
इंडिगो ने मुंबई और दिल्ली के लिए 1 अक्टूबर से, जबकि जयपुर के लिए 1 दिसंबर से हवाई सेवाएं शुरू की थीं। अब शेड्यूल पूरा होने के बाद कंपनी ने अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं। जैसलमेर में सबसे पहले स्पाइसजेट ने एयर कनेक्टिविटी शुरू की थी। कंपनी समर और विंटर शेड्यूल जारी करती थी। हर साल विंटर सीजन में फ्लाइट चलती थी, लेकिन गर्मियों में सेवाएं बंद हो जाती थीं। इस बार इंडिगो ने दिल्ली, मुंबई और जयपुर के लिए अपनी हवाई सेवाएं शुरू कीं।

पर्यटकों की संख्या में आएगी कमी
फ्लाइट बंद होने से पर्यटन सीजन का ऑफ सीजन शुरू हो गया है। इससे पर्यटन को बड़ा नुकसान होगा। होली से पहले हवाई सेवाएं बंद होने से पर्यटकों की संख्या में कमी आएगी। हर साल होली मनाने के लिए काफी पर्यटक जैसलमेर आते हैं। अब फ्लाइट बंद होने से पर्यटन कारोबारियों को नुकसान होगा। गर्मियों में भी जैसलमेर में काफी पर्यटक आते हैं, लेकिन हवाई सेवाएं बंद होने से पर्यटन व्यवसाय पर असर पड़ेगा।