Aapka Rajasthan

फास्टैग से टोल कटा तो भड़के युवक, फुटेज में देंखे लाठी-डंडों से टोल प्लाजा पर हमला; बूथ तोड़े, मुनीम की आंख में लगी चोट

फास्टैग से टोल कटा तो भड़के युवक, फुटेज में देंखे लाठी-डंडों से टोल प्लाजा पर हमला; बूथ तोड़े, मुनीम की आंख में लगी चोट
 
फास्टैग से टोल कटा तो भड़के युवक, फुटेज में देंखे लाठी-डंडों से टोल प्लाजा पर हमला; बूथ तोड़े, मुनीम की आंख में लगी चोट

अलवर-बहरोड़ रोड स्थित डहरा शाहपुर टोल प्लाजा पर रविवार रात फास्टैग से टोल कटने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों से लैस युवकों ने टोल प्लाजा पर जमकर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान टोल बूथ के मुनीम भगत सिंह के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी आंख पर गंभीर चोट आई है। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। टोल मैनेजर जुबेर खान ने बताया कि नानेड़ी गांव निवासी अकरम की गाड़ी के फास्टैग से टोल शुल्क कट गया था। इस पर अकरम ने आपत्ति जताई। टोलकर्मी भगत सिंह ने उसे समझाया और कटे हुए पैसे वापस करने का आश्वासन दिया।आरोप है कि इसके बावजूद अकरम ने टोल कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसने गांव से इमरान, इंसाफ, मनकू, नब्बो, इरफान और मनफूद सहित कई लोगों को मौके पर बुला लिया। बताया जा रहा है कि ये लोग लाठी-डंडे लेकर टोल प्लाजा पर पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज में टोल प्लाजा पर एक दर्जन से अधिक लोग नजर आ रहे हैं। आरोप है कि युवकों ने टोल बूथों में जमकर तोड़फोड़ की और वहां लगे बैरियर भी तोड़ दिए। अचानक हुए हमले से टोल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।टोल मैनेजर के अनुसार, हमलावरों ने मुनीम भगत सिंह के साथ भी मारपीट की। हमले में उनकी आंख पर गंभीर चोट आई है। मुनीम ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे कैश काउंटर के करीब 25 हजार रुपए भी छीन लिए गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। सीसीटीवी फुटेज में लाठी-डंडों के साथ पहुंचे लोगों और तोड़फोड़ की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज को मामले की जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही मुनीम द्वारा लगाए गए 25 हजार रुपए लूटने के आरोप की भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।