जयपुर में युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत, फुटेज में देंखे 30-40 लोगों पर मारपीट का आरोप; 5 लाख की फिरौती मांगने का भी दावा
जयपुर के तूंगा इलाके में अपहरण और कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट के बाद 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, गंभीर हालत में उसे 15 सितंबर को SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में राजस्थान हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था। मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद 19 सितंबर को एफआईआर दर्ज की थी।
रुपए देने से मना करने पर युवक को ले जाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, 15 सितंबर को बोलेरो और बाइक पर सवार कुछ लोग युवक के घर के पास पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने युवक से 3 हजार रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर आरोपी उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर खतैपुरा के पास स्थित एक फार्म हाउस में ले गए।परिवार का दावा है कि फार्म हाउस में पहले से करीब 30 से 40 लोग मौजूद । वहां युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक को बेहद गंभीर तरीके से प्रताड़ित किया गया और उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें पहुंचाई गईं।
सिर और पीठ समेत शरीर पर गंभीर चोटें
मारपीट में युवक के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उसके प्राइवेट पार्ट में नमक और मिर्च भी डाली। युवक की हालत गंभीर होने के बाद परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा।परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि युवक से करीब 1 लाख रुपए छीन लिए गए और आरोपियों ने 5 लाख रुपए की फिरौती की मांग की थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।
थाने में शिकायत नहीं लेने का परिवार का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने तूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और परिवाद पेश किया।
अदालत के आदेश के बाद 19 सितंबर को तूंगा थाने में एफआईआर दर्ज की गई। अब युवक की मौत के बाद मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटनास्थल, अस्पताल के रिकॉर्ड और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
