जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में यशवीर सूरा और राजेश गुर्जर आमने-सामने, दोनों ने भरा नामांकन; शाम तक आएगा फैसला
जयपुर जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस ने यशवीर सूरा और भाजपा ने राजेश गुर्जर को अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। अब जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए दोनों के बीच मुकाबला होगा। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम तक जयपुर को नया जिला प्रमुख मिल जाएगा।
कांग्रेस ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 28 से सदस्य यशवीर सूरा को उम्मीदवार बनाया है। सूरा युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं, भाजपा ने वार्ड नंबर 22 से जिला परिषद सदस्य राजेश गुर्जर पर भरोसा जताया है। राजेश गुर्जर जयपुर देहात दक्षिण भाजपा के अध्यक्ष भी हैं।
दोपहर 3 बजे से होगा मतदान
जिला प्रमुख चुनाव के लिए बुधवार सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। उम्मीदवारों को सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल करना था। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की गई और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया।
दोनों प्रत्याशियों के मैदान में बने रहने के कारण दोपहर 3 बजे से मतदान कराया जाएगा। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के अनुसार शाम 5 बजे तक नए जिला प्रमुख के नाम का फैसला होने की उम्मीद है।
जिला परिषद में कांग्रेस के पास बहुमत
जयपुर जिला परिषद में कुल 57 वार्ड हैं। चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें हासिल की हैं, जबकि भाजपा के पास 13 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के पास 2 सीटें बताई गई हैं। बहुमत के लिए 29 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में सीटों के गणित के लिहाज से कांग्रेस की स्थिति मजबूत है।
भाजपा ने भी अपना प्रत्याशी उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। अब मतदान के दौरान जिला परिषद सदस्यों का रुख महत्वपूर्ण रहेगा।
उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को
जिला प्रमुख के चुनाव के बाद 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके साथ ही जयपुर जिला परिषद की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी होगी। फिलहाल सभी की नजरें जिला प्रमुख चुनाव के मतदान और शाम को आने वाले परिणाम पर टिकी हैं।
