Aapka Rajasthan

जयपुर में हिप्नोटाइज कर महिला से लूट, वीडियो में देंखे परिवार पर संकट आने का डर दिखाकर उतरवाए सोने के गहने

जयपुर में हिप्नोटाइज कर महिला से लूट, वीडियो में देंखे परिवार पर संकट आने का डर दिखाकर उतरवाए सोने के गहने
 
जयपुर में हिप्नोटाइज कर महिला से लूट, वीडियो में देंखे परिवार पर संकट आने का डर दिखाकर उतरवाए सोने के गहने

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सम्मोहित कर एक महिला से सोने के गहने लूटने का मामला सामने आया है। महिला रोजाना की तरह नौकरी पर जाने के लिए घर से निकली थी और 200 फीट चौराहे पर बस स्टैंड पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसे परिवार पर संकट आने का डर दिखाया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर सम्मोहित किया और उसके पहने हुए सोने के गहने उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने मंगलवार को श्याम नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी महिला

श्याम नगर थाने के एएसआई गोपाल चंद के मुताबिक, वारदात करणी विहार के हीरानगर-ए निवासी 60 वर्षीय महिला के साथ हुई। महिला रोजाना की तरह सुबह करीब 7 बजे नौकरी पर जाने के लिए घर से निकली थी।वह 200 फीट चौराहे पर स्थित बस स्टैंड पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान मोबाइल पर बात करता हुआ एक युवक उसके पास आया। युवक ने महिला से कहा कि उसके परिवार पर संकट आने वाला है। अचानक ऐसी बात सुनकर महिला चौंक गई और उसने युवक से इस बारे में पूछा।

परिवार की जानकारी देकर जीता भरोसा

आरोप है कि युवक ने महिला को उसके परिवार से जुड़ी जानकारियां बतानी शुरू कर दीं। जब युवक की बताई बातें सही निकलीं, तो महिला को उसकी बातों पर भरोसा होने लगा।इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान दो अन्य बदमाश भी उसके संपर्क में थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला को सम्मोहित किया और उसके परिवार पर आने वाले कथित संकट का डर दिखाकर उसके सोने के गहने उतरवा लिए।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से निकल गए। महिला को जब घटना का एहसास हुआ, तो उसने पुलिस से संपर्क किया।

श्याम नगर थाने में दर्ज करवाई रिपोर्ट

पीड़ित महिला ने मंगलवार को श्याम नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में शामिल तीनों आरोपी कौन हैं और उन्होंने महिला के परिवार से जुड़ी जानकारी कहां से हासिल की थी। साथ ही, घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा सकता है।

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों की बातों में आकर कोई भी कदम नहीं उठाने की अपील की है। परिवार पर संकट आने, पूजा-पाठ से समस्या दूर करने या किसी अनहोनी की आशंका जताकर लोगों को डराने जैसी बातों से सावधान रहना जरूरी है।विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर अनजान लोगों को अपने परिवार की निजी नकारी देने से बचना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति इस तरह डर दिखाकर गहने या कीमती सामान उतारने के लिए कहे, तो तुरंत वहां से हटकर आसपास के लोगों या पुलिस की मदद लेनी चाहिए।फिलहाल, जयपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के संबंध में आगे की जानकारी पुलिस की कार्रवाई के बाद सामने आएगी।