दौसा में युवती के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे प्रेमी ने दोस्त संग मिलकर की हत्या; चेहरा पत्थर से कुचला
दौसा जिले के मेहंदीपुर थाना पुलिस ने 17 अगस्त को हुए युवती के ब्लाइंड मर्डर का सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। दोनों के बीच एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था और दोनों पहले से शादीशुदा थे। पुलिस के अनुसार प्रेमिका लगातार आरोपी पर अपनी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और बुलंदशहर से करीब 270 किलोमीटर दूर मेहंदीपुर बालाजी लेकर आया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रेमिका को मेहंदीपुर बालाजी में मोरा माता मंदिर के दर्शन कराने के बहाने पहाड़ी इलाके में बुलाया। वहां अपने दोस्त के साथ मिलकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने युवती के चेहरे को पत्थर से कुचल दिया और शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान और आरोपियों तक पहुंचना था। घटना के बाद पुलिस ने मेहंदीपुर बालाजी मंदिर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में युवती दो युवकों के साथ जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने इन तस्वीरों और फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने युवती और उसके साथ दिखाई दे रहे दोनों युवकों की तस्वीरें राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के पुलिस थानों में भेजीं। स्थानीय पुलिस की मदद से संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की गई। जांच के दौरान मृतका की पहचान संगीता के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थी।जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना इलाके के जीराजपुर गांव निवासी गजेंद्र मीणा और उसके दोस्त पहासू थाना इलाके के अजीजाबाद निवासी विवेक मीणा के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गजेंद्र और संगीता के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों शादीशुदा होने के बावजूद एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार संगीता आरोपी गजेंद्र पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने इस दबाव से छुटकारा पाने के लिए हत्या की साजिश रची।आरोपी ने संगीता को बुलंदशहर से मेहंदीपुर बालाजी आने के लिए तैयार किया। इसके बाद उसे धार्मिक स्थल पर ले जाने का बहाना बनाया गया। मेहंदीपुर पहुंचने के बाद आरोपी उसे मोरा माता मंदिर की ओर ले गया। पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचने के बाद गजेंद्र और उसके दोस्त विवेक ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई। ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझने के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि किस तरह प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद हिंसक अपराध का रूप ले सकते हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
