क्यों बनीं लाखों किताबें हुई रद्दी का ढेर ? राजस्थान में शिक्षा मंत्री के फैसले से बदला सिलेबस, छात्रों और शिक्षकों में मची हलचल
राजस्थान में कक्षा 11 और 12 के पाठ्यक्रम में 'आज़ादी के बाद का स्वर्णिम भारत' किताब पढ़ाई जा रही है। इसके दो भाग हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आरोप लगाया है कि इस किताब में कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार का महिमामंडन किया गया है। जबकि भाजपा नेताओं, प्रधानमंत्री मोदी, जनसंघ और अन्य संगठनों का नाममात्र का ज़िक्र है। किताब के दूसरे भाग में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की तस्वीरें कवर पर हैं, जबकि अंदर 15 कांग्रेसी नेताओं को प्रमुखता से जगह दी गई है। वहीं, बाबा साहेब अंबेडकर, शास्त्री और सरदार पटेल जैसे राष्ट्रीय नेताओं को या तो नज़रअंदाज़ कर दिया गया है या फिर सिर्फ़ दो-चार पंक्तियों में समेट दिया गया है। मंत्री ने इस किताब पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
अंक नहीं जोड़े जाएँगे
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दावा किया है कि यह किताब पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तैयार की गई थी। इसे साढ़े चार लाख छात्रों को पढ़ाया जा रहा था। इस किताब पर प्रतिबंध लगाने के बाद मंत्री ने कहा है कि इस विषय के अंक छात्रों के रिजल्ट में नहीं जुड़ते, इसलिए किताब हटाने से कोई शैक्षणिक नुकसान नहीं होगा।
ज़हर के समान थी किताब, करोड़ों का नुकसान जायज़
किताब का सिलेबस पुराना है लेकिन हाल ही में सरकार ने 5 लाख किताबें छपवाई थीं, जो अब बेकार हो चुकी हैं। इन किताबों की कीमत करीब 2.5 करोड़ बताई जा रही है। इस पर मंत्री दिलावर ने कहा कि अगर राजस्थान में कोई किताब ज़हर के समान है, तो उसे सिर्फ़ इसलिए नहीं पढ़ाया जा सकता क्योंकि उस पर करोड़ों खर्च किए गए हैं। यह किताब भारत का इतिहास नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा पढ़ाती है।
कांग्रेस ने इसे बदले की भावना बताया
मामला बढ़ने पर कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस ने मंत्री दिलावर के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस का कहना है कि यह किताब ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित है और इस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला सिर्फ़ राजनीतिक बदले की भावना से लिया गया है। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि मदन दिलावर ने सस्ती लोकप्रियता के लिए यह कदम उठाया है। जब भाजपा का इतिहास में कोई योगदान ही नहीं था तो उसे जबरन पुस्तक में क्यों शामिल किया गया?
