Aapka Rajasthan

Rajasthan में फिर सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, इन 6 जिलों में आज तूफान और बारिश का अलर्ट

 
Rajasthan में फिर सक्रिय हुआ  पश्चिमी विक्षोभ, इन 6 जिलों में आज तूफान और बारिश का अलर्ट

जयपुर न्यूज़ डेस्क, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर व आसपास मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसका अलर्ट जारी किया है। शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

दो-तीन दिन सामान्य के आसपास रहेगा पारा

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे है, जो कि सामान्य के करीब है। आगामी 2-3 दिन तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है। प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

सीकर में तीसरे दिन भी गिरा न्यूनतम तापमान

हवा में नमी बढ़ने के कारण सीकर में लगातार तीसरे दिन भी न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार चौबीस घंटे बाद मौसम शुष्क होने लगेगा। जिससे तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। सीकर में मंगलवार सुबह से मौसम शुष्क रहा। दोपहर में धूप के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ा। शाम को कुछ गर्मी रही।

तापमान में उछाल से गर्मी के तेवर तीखे

इधर, पर्यटन स्थल माउंट आबू में तापमान में आए उछाल से गर्मी के तेवर तीखे रहे। मंगलवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने से तापमापी का पारा 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सवेरे खुशनुमा मौसम का आनंद लेते हुए सैलानियों ने सड़कों, बाजारों में चहलकदमी कर प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने का आनंद लिया। वहीं दोपहर के समय धूप के तेवर तीखे होने से राहगीरों को छांव का सहारा लेना पड़ा।