Aapka Rajasthan

Weather Update Rajasthan में बदला मौसम का मिजाज, आंधी के साथ बरसे मेघ, जानें अपने शहर का हाल

 
Weather Update Rajasthan में बदला मौसम का मिजाज, आंधी के साथ बरसे मेघ, जानें अपने शहर का हाल

जयपुर न्यूज़ डेस्क, राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से उमस और बादलवाही के बीच सोमवार दोपहर बाद मौसम बदल गया। प्रदेश में कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। चने के आकार के ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई संभाग में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इसके बाद मौसम शुष्क रहेगा। सीकर के लोसल क्षेत्र में दोपहर बाद चने के आकार के ओले गिरे।

यहां बदला मौसम का मिजाज

बीकानेर अंचल में सोमवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। सुबह से दोपहर तक तेज धूप रहने के बाद बादल छाने शुरू हुए। तेज हवा के साथ शाम 4.15 बजे बारिश शुरू हुई। जो रुक-रुक कर 5 बजे तक होती रही। इस दौरान करीब दस मिनट तक चने के आकार के ओले भी गिरे। बांसवाड़ा जिले में दोपहर बाद अचानक आंधी के साथ बारिश हुई। चने के दाने जितने ओले भी गिरे। शहर के दाहोद रोड में बारिश के दौरान सड़कें सूनी हो गईं। तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। माउंट आबू में मौसम का मिजाज बदल गया। बादलों की गर्जना के साथ ओरिया, अचलगढ़, जावाई, गुरु शिखर आदि ग्रामीण इलाकों में झमाझम तेज बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं माउंट आबू के शहरी क्षेत्र में भी बारिश होने से सड़कों पर तेज गति से पानी बहने लगा।

प्रतापगढ़ जिले में भी मौसम पलट गया। जिले में गत तीन दिनों सें बारिश और अंधड़ से नुकसान हो रहा है। वहीं सोमवार को शाम को जिले के कई इलाकों में मेघगर्जना के साथ तेज बारिश हुई।

16 मई से बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई संभाग में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इसके बाद मौसम शुष्क रहेगा। 15 मई को पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री के पास आसपास दर्ज होने की संभावना है। 16 मई से एक और नया हीट वेव का दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है।