Weather Alert Rajasthan: 26 जिलों में झमाझम बारिश और आकाशीय बिजली का अनुमान, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने आज 22 अगस्त को राजस्थान के 26 जिलों के लिए डबल अलर्ट जारी किया है। 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जयपुर, दौसा, अजमेर जिले और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो दौर की भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान के 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग द्वारा आज 22 अगस्त को जारी नए पूर्वानुमान के तहत, राजस्थान के 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, बारां, झालावाड़, झुंझुनू, सीकर, नागौर, जोधपुर, पाली, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही, 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
जयपुर में डेढ़ इंच बारिश
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई। राजधानी जयपुर में बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। जयपुर में 38.8 मिमी (डेढ़ इंच) बारिश हुई।
पाली के रानी में 131 मिमी बारिश दर्ज की गई
वहीं, राजस्थान में सबसे अधिक बारिश पाली के रानी में 131 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा, बांसवाड़ा में 80 मिमी, शेरगढ़ में 97 मिमी, बारां में 72 मिमी, किशनगंज में 106 मिमी और भीलवाड़ा के जहाजपुर में 85 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी राजस्थान में परिसंचरण तंत्र सक्रिय
मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी राजस्थान और निकटवर्ती मध्य प्रदेश के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले एक सप्ताह में राज्य के अधिकांश भागों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी भागों के कुछ हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक भारी और अति भारी वर्षा की गतिविधियाँ जारी रहेंगी।
