Aapka Rajasthan

बीसलपुर बांध में बढ़ी पानी की आवक: 24 घंटे में जलस्तर 5 सेमी बढ़ा, वीडियो में जाने बारिश से मिली बड़ी राहत

बीसलपुर बांध में बढ़ी पानी की आवक: 24 घंटे में जलस्तर 5 सेमी बढ़ा, वीडियो में जाने बारिश से मिली बड़ी राहत
 
बीसलपुर बांध में बढ़ी पानी की आवक: 24 घंटे में जलस्तर 5 सेमी बढ़ा, वीडियो में जाने बारिश से मिली बड़ी राहत

राजस्थान में मानसून की सक्रियता का असर अब जलाशयों पर भी दिखाई देने लगा है। टोंक और आसपास के कैचमेंट क्षेत्र में बीती रात हुई अच्छी बारिश के बाद बीसलपुर बांध में इस मानसून सीजन में पहली बार जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में बांध का जलस्तर 5 सेंटीमीटर बढ़ा है, जिससे जल संसाधन विभाग और आम लोगों को राहत मिली है।

अब तक बांध का जलस्तर प्रतिदिन 1.5 से 2 सेंटीमीटर तक घट रहा था, क्योंकि यहां से जयपुर, अजमेर और टोंक सहित कई शहरों को नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। लेकिन ताजा बारिश के बाद पहली बार पानी की आवक जल निकासी से अधिक रही।

बारिश के बाद बीसलपुर बांध का जलस्तर बढ़कर 313.55 आरएल मीटर पहुंच गया है। बांध की पूर्ण भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। यानी अब बांध पूरी क्षमता से भरने के लिए करीब दो मीटर से भी कम खाली रह गया है।

यदि जल भंडारण की बात करें तो बांध की कुल क्षमता 38.50 टीएमसी है, जबकि वर्तमान में इसमें 25.182 टीएमसी पानी उपलब्ध है। यानी बांध लगभग 70 प्रतिशत तक भर चुका है, जो आने वाले महीनों की पेयजल जरूरतों के लिहाज से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी टोंक और बीसलपुर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी हुई है। सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है। यदि अच्छी बारिश का दौर जारी रहता है तो बांध के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।

बारिश और बादलों के कारण क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, जल संसाधन विभाग लगातार बांध के जलस्तर और कैचमेंट क्षेत्र में हो रही बारिश पर नजर बनाए हुए है।