Aapka Rajasthan

वीडियो में देखें बीजेपी संगठनात्मक कार्यशाला में वसुंधरा राजे का सख्त संदेश, बोलीं– कार्यकर्ता की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं

वीडियो में देखें बीजेपी संगठनात्मक कार्यशाला में वसुंधरा राजे का सख्त संदेश, बोलीं– कार्यकर्ता की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं
 
वीडियो में देखें बीजेपी संगठनात्मक कार्यशाला में वसुंधरा राजे का सख्त संदेश, बोलीं– कार्यकर्ता की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं

भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पार्टी संगठन और प्रशासन को लेकर बड़ा और सख्त संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष पार्टी के एम्बेसडर हैं और जनता के काम उनके साइन से होने चाहिए। राजे ने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वे जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों का फोन एक घंटी में उठाएं और उनके काम समय पर करें, वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के बिना प्राण विहीन है। यदि कार्यकर्ता मजबूत नहीं होगा तो पार्टी भी मजबूत नहीं रह सकती। इसलिए सबसे जरूरी है कि कार्यकर्ता को सम्मान मिले और उसकी ताकत को पहचाना जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी की नींव कार्यकर्ता है और उसी के दम पर भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की आवाज ही प्रधानमंत्री की आवाज है। कार्यकर्ता की आवाज बुलंद रहनी चाहिए और उसकी उपेक्षा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर कार्यकर्ता की अनदेखी हुई तो यह संगठन के लिए नुकसानदायक साबित होगा। राजे ने कार्यकर्ताओं से संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने की जरूरत बताई।

वसुंधरा राजे ने भाजपा की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि एक वक्त था जब देश की दसों दिशाओं में कांग्रेस का दबदबा हुआ करता था। लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आज जिस तरफ नजर डालिए, उधर भाजपा ही दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं, बल्कि उन कार्यकर्ताओं की तपस्या का फल है, जिन्होंने न भूख देखी और न प्यास, बस लगातार कमल खिलाने में जुटे रहे।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा और उसी समर्पण और संघर्ष के कारण आज भाजपा सत्ता और संगठन दोनों में मजबूत स्थिति में है। राजे ने कार्यकर्ताओं से इसी जज्बे के साथ आगे भी काम करते रहने का आह्वान किया।

अपने संबोधन के अंत में वसुंधरा राजे ने देश और प्रदेश की उपलब्धियों पर भी बात की। उन्होंने भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। साथ ही राजस्थान सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भाजपा सरकार और संगठन मिलकर प्रदेश के विकास को नई गति देंगे।