Aapka Rajasthan

जयपुर रिंग रोड पर ट्रक ड्राइवरों से अवैध वसूली का वीडियो वायरल, परिवहन विभाग में मचा हड़कंप; जांच की मांग तेज

जयपुर रिंग रोड पर ट्रक ड्राइवरों से अवैध वसूली का वीडियो वायरल, परिवहन विभाग में मचा हड़कंप; जांच की मांग तेज
 
जयपुर रिंग रोड पर ट्रक ड्राइवरों से अवैध वसूली का वीडियो वायरल, परिवहन विभाग में मचा हड़कंप; जांच की मांग तेज

जयपुर रिंग रोड पर परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान ट्रक ड्राइवरों से कथित तौर पर अवैध वसूली का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में परिवहन विभाग का एक निरीक्षक और गार्ड ट्रक चालकों से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। आरोप है कि चेकिंग के दौरान प्रति वाहन 500 रुपये की वसूली की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो शनिवार सुबह करीब 10 बजे का है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।वायरल वीडियो में परिवहन विभाग का गार्ड एक ट्रक चालक के साथ वाहन के पीछे जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह कथित तौर पर चालक से पैसे लेता है और उन्हें गिनता हुआ नजर आता है। कुछ देर बाद गार्ड दूसरे ट्रक चालक के पास पहुंच जाता है।

वीडियो में गार्ड एक चालक के कान में कुछ कहते हुए भी दिखाई दे रहा है। इसके बाद एक अन्य ड्राइवर वहां पहुंचता है। गार्ड उसे अपने पास बुलाता है। ड्राइवर हाथ जोड़कर उसे जाने देने का अनुरोध करता नजर आता है, जबकि वीडियो में गार्ड की ओर से कथित रूप से पैसों का इशारा करते हुए दिखाया गया है।इस दौरान मौके पर कई अन्य ट्रक ड्राइवर भी जमा हो जाते हैं। वीडियो में परिवहन निरीक्षक मुक्ता सोनी भी दिखाई दे रही हैं। वह गार्ड से बातचीत करती नजर आती हैं। बाद में एक ट्रक चालक उन्हें मोबाइल फोन देता है, जिस पर वह किसी व्यक्ति से बात करती दिखाई देती हैं। इसके बाद परिवहन निरीक्षक और गार्ड सरकारी वाहन में बैठकर वहां से रवाना हो जाते हैं।

मामले को लेकर जयपुर आरटीओ प्रथम में तैनात डीटीओ नाथू सिंह ने कहा कि अब चालान की राशि नकद में जमा नहीं की जाती है। उन्होंने बताया कि पहले मैनुअल व्यवस्था के दौरान कैश भुगतान होता था, लेकिन वर्तमान में सभी भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किए जाते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा नकद राशि लेने की बात सामने आती है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो वायरल होने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जांच में अवैध वसूली की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।फिलहाल मामले की जांच और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।