Aapka Rajasthan

वीडियो! सीकर में बुजुर्ग महिलाओं को बातों में फंसाकर गहने लूटने वाली गैंग के 2 आरोपी गिरफ्तार

वीडियो! सीकर में बुजुर्ग महिलाओं को बातों में फंसाकर गहने लूटने वाली गैंग के 2 आरोपी गिरफ्तार
 
वीडियो! सीकर में बुजुर्ग महिलाओं को बातों में फंसाकर गहने लूटने वाली गैंग के 2 आरोपी गिरफ्तार

सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को बातों में फंसाकर उनके गहने और नकदी लूटने वाली गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने झांसे में लेते थे और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम देते थे। जांच में पुलिस को आरोपियों के देशभर में 100 से ज्यादा वारदातों में शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और पुरानी वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात से पहले गरीब लोगों को रुपये दान भी करते थे। इसके बाद बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर उनके आभूषण और नकदी लूट लेते थे। पुलिस इस गैंग के काम करने के तरीके और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच कर रही है।

13 अप्रैल को बुजुर्ग महिला को बनाया था निशाना

मामले की शुरुआत 14 अप्रैल को दर्ज हुई शिकायत से हुई। कैलाश सिंह ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां लिछमा 13 अप्रैल को कपड़े खरीदने के लिए सीकर आई थीं।पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, महिला को सुभाष चौक के पास तीन लोग मिले। आरोपियों ने बातचीत के दौरान महिला से कहा कि इलाके में एक नई दुकान खुली है, जहां कपड़े काफी सस्ते मिल रहे हैं। उन्होंने महिला को वहां से कपड़े दिलाने की बात कही।बातों में आकर महिला उनके साथ चली गई। आरोपियों ने उसे बनारसी हॉस्पिटल की गली की तरफ ले गए। आरोप है कि मौका मिलते ही आरोपियों ने महिला के गले से सोने का मादलिया छीन लिया। इसके अलावा उसके पास मौजूद करीब 25 हजार रुपये भी ले लिए और वहां से फरार हो गए।

बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच के अनुसार, गैंग खास तौर पर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाती थी। आरोपी पहले उनसे सामान्य बातचीत करते और भरोसा जीतने की कोशिश करते थे। इसके बाद सस्ते कपड़े, दुकान या अन्य सामान दिलाने का झांसा देकर उन्हें सुनसान जगह पर ले जाते थे।मौका मिलते ही महिलाओं के गहने और नकदी लेकर आरोपी फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने इसी तरीके से अलग-अलग शहरों में कई वारदातों को अंजाम दिया।

100 से ज्यादा वारदातों की जांच

पुलिस पूछताछ में आरोपियों से देशभर में की गई 100 से ज्यादा वारदातों के बारे में जानकारी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, इन मामलों में आरोपियों की भूमिका और प्रत्येक वारदात की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गैंग में कितने लोग शामिल हैं, वारदातों के बाद लूटे गए गहने और नकदी कहां खपाई जाती थी और किन-किन शहरों में इस गैंग ने घटनाओं को अंजाम दिया है।पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान सीकर सहित अन्य जिलों में हुई कई वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।