Aapka Rajasthan

जयपुर में आरक्षण की मांग पर बवाल, महापंचायत के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, पथराव-लाठीचार्ज, फुटेज में देंखे कई घायल

जयपुर में आरक्षण की मांग पर बवाल, महापंचायत के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, पथराव-लाठीचार्ज, फुटेज में देंखे कई घायल
 
जयपुर में आरक्षण की मांग पर बवाल, महापंचायत के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, पथराव-लाठीचार्ज, फुटेज में देंखे कई घायल

राजस्थान की राजधानी जयपुर में घुमंतू और अर्धघुमंतू समाज की महापंचायत के बाद बुधवार शाम प्रदर्शन हिंसक हो गया। मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

जानकारी के अनुसार, घुमंतू और अर्धघुमंतू समाज के लोग 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में महापंचायत कर रहे थे। महापंचायत समाप्त होने के बाद शाम करीब 6 बजे प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने का ऐलान किया।

प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए थे। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया। इसके जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पथराव और झड़प में 12 से अधिक लोग, जिनमें पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हैं, घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।

फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।