जयपुर में दीक्षांत समारोह के दौरान हंगामा, वीडियो में देंखे छात्रों का विरोध-प्रदर्शन, कागज फाड़े
राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में बुधवार को हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम में व्यवस्था और डिग्री वितरण प्रक्रिया से नाराज छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था फैल गई।
जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान केवल 12 गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को मंच पर डिग्री प्रदान की गई, जिसके बाद कार्यक्रम को समाप्त कर दिया गया। इस निर्णय से अन्य विद्यार्थियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने डिग्री वितरण की मांग करते हुए मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया।
नाराज छात्रों ने आरोप लगाया कि सभी योग्य विद्यार्थियों को समान रूप से सम्मान और डिग्री प्रदान नहीं की गई, जिससे उनका अपमान हुआ है। विरोध तेज होने पर कुछ छात्रों ने कार्यक्रम से जुड़े कागजात भी फाड़ दिए और व्यवस्था पर असंतोष जताया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा भी कार्यक्रम में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एक छात्र ने नाराजगी जाहिर करते हुए तंज भरे शब्दों में कहा कि “हरिदेव जोशी विश्वविद्यालय की बेइज्जती करके इज्जत देने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया।” स्थिति बिगड़ती देख कार्यक्रम को बीच में ही समाप्त करना पड़ा और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करना पड़ा। हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
यह पूरा घटनाक्रम दीक्षांत समारोह की व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहा है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत के बाद डिग्री हासिल की है, लेकिन समारोह में उन्हें सम्मानजनक तरीके से डिग्री नहीं दी गई। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच और आगे की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और समारोह आयोजन की तैयारियों को लेकर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।
