Aapka Rajasthan

कोटा में महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा, वीडियो में जाने परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

कोटा में महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा, वीडियो में जाने परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
 
कोटा में महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा, वीडियो में जाने परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में महिला मरीज की मौत के बाद शनिवार को हंगामा हो गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और हॉस्पिटल के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों के साथ खड़ी नजर आईं।

मृतका की पहचान संतोषी नगर निवासी रेखा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रेखा के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उन्हें सांस लेने में परेशानी और बुखार की शिकायत के बाद 14 सितंबर को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया कि रेखा को पहले से टीबी की बीमारी भी थी और अस्पताल में इलाज चल रहा था।

सांस लेने में हो रही थी परेशानी

परिजनों के मुताबिक अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान रेखा की तबीयत लगातार खराब थी। उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी र उनका ब्लड प्रेशर भी काफी कम हो गया था। इलाज के दौरान उन्हें दो मशीनों के जरिए इंजेक्शन दिए जा रहे थे।परिजनों का आरोप है कि देर रात करीब 1 बजे इनमें से एक मशीन का इंजेक्शन खत्म हो गया। उन्होंने वार्ड में मौजूद स्टाफ को इसकी जानकारी देकर इंजेक्शन दोबारा लगाने के लिए कहा। आरोप है कि काफी मिन्नत करने के बाद करीब 15 से 20 मिनट बाद स्टाफ वहां पहुंचा, लेकिन इंजेक्शन दोबारा नहीं लगाया गया। इस दौरान दूसरी मशीन से इंजेक्शन चल रहा था।

सुबह दूसरा इंजेक्शन भी खत्म हुआ

परिजनों के अनुसार तड़के करीब 5 बजे दूसरी मशीन का इंजेक्शन भी खत्म हो गया। उन्होंने वार्ड स्टाफ को इसकी सूचना दी। आरोप है कि काफी देर बाद स्टाफ मौके पर पहुंचा और मशीन को बंद कर दिया। परिजनों का कहना है कि मशीन बंद किए जाने के करीब 10 से 15 मिनट बाद ही रेखा की मौत हो गई।महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्पिटल के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिजन इस बात पर अड़ गए कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

जांच और कार्रवाई की मांग

हंगामे की सूचना मिलने पर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मामले की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारण और परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, यह भी जांच के निष्कर्ष के बाद स्पष्ट होगा। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।