जालोर में अनोखा प्यार: 24 लाख की चांदी के गहने पहनती है गाय ‘राधा’, वीडियो में जाने बिजनेसमैन बनवा रहे 1 करोड़ का महल
राजस्थान के जालोर जिले में एक बिजनेसमैन का अपनी गाय के प्रति अनोखा प्रेम चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक गाय को न सिर्फ परिवार के सदस्य की तरह रखा जाता है, बल्कि उसके लिए करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से दो मंजिला ‘राधा महल’ भी तैयार कराया जा रहा है। जालोर के धानोल गांव के रहने वाले रेलवे ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन नरेंद्र पुरोहित अपनी गाय को बेहद खास मानते हैं। वह उसे प्यार से ‘राधा’ नाम से पुकारते हैं। राधा को पहनाए जाने वाले चांदी के गहनों की कीमत करीब 10 किलो चांदी यानी लगभग 24 लाख रुपए बताई जा रही है।
गाय के लिए बन रहा दो मंजिला महल
नरेंद्र पुरोहित का कहना है कि राधा उनके घर में रहती है और वे इसे गोमाता का आशीर्वाद मानते हैं। उन्होंने बताया कि पहले लोग कहते थे कि जिस जगह गाय रहती है, वहां परिवार के लोग भी रहते हैं, फिर इसे अलग से ‘गोमाता का महल’ कैसे कहा जा सकता है। इसी बात से प्रेरित होकर उन्होंने राधा के लिए अलग महल बनवाने का फैसला किया।राधा महल में गाय के घूमने के लिए पर्याप्त जगह, चरागाह जैसी व्यवस्था और उसे देखने आने वाले लोगों के बैठने के लिए स्थान बनाया जा रहा है। यह भवन खासतौर पर गाय की सुविधा और देखभाल को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है।
2019 में आई राधा ने बदली जिंदगी
नरेंद्र पुरोहित बताते हैं कि उनके पास करीब 25 गायें हैं, लेकिन राधा उनके लिए सबसे खास है। उन्होंने बताया कि साल 2019 में कांकरेज नस्ल की गाय राधा उनके घर आई थी। उस समय वह सिर्फ 1500 रुपए महीने की नौकरी करते थे।उनका दावा है कि राधा के आने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। उनका काम बढ़ता गया और आज वह कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक हैं। इसके अलावा वह रेलवे के ठेके भी लेते हैं।
गोशाला में कराया था गाय-नंदी का विवाह
नरेंद्र पुरोहित पहले भी गायों को लेकर अपनी आस्था और प्रेम के कारण चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने पथमेड़ा गोशाला में गाय और नंदी का विवाह भी करवाया था। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे और कई लोग बाराती बनकर पहुंचे थे।नरेंद्र पुरोहित का कहना है कि गाय उनके लिए सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है। उनका मानना है कि गाय की सेवा और देखभाल से उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस हुए हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया मामला
राधा के लिए बन रहे महल और उसे पहनाए जाने वाले चांदी के गहनों की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी हो रही है। लोग इसे गाय के प्रति आस्था और प्रेम का अनोखा उदाहरण बता रहे हैं।वहीं, कुछ लोग इतनी बड़ी रकम खर्च करने को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं। हालांकि, नरेंद्र पुरोहित का कहना है कि यह महल उनकी श्रद्धा और राधा के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उनके लिए राधा परिवार का हिस्सा है और उसकी देखभाल करना उनका कर्तव्य है।
