जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बेकाबू ट्रॉले का कहर, पांच वाहनों को मारी टक्कर; फुटेज में देंखे दो लोगों की मौत, तीन घायल
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रॉले ने जमकर तबाही मचाई। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे वाले गेट के सामने ट्रॉले ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रॉला चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। वहीं, पैदल जा रहा एक युवक ट्रॉले के पहिए के नीचे फंस गया।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान मुरलीपुरा के सीता विहार निवासी रमेश और फागी रेनवाल निवासी हनुमान सहाय के रूप में हुई है।
ट्रॉला चालक सहित तीन लोग घायल
हादसे में झारखंड निवासी ट्रॉला चालक सुमन कुमार, बाइक सवार बामनवास खंडेला निवासी नवरंग राम और अजमेर के नसीराबाद निवासी दीप सिंह रावत घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉले की टक्कर से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं, पैदल जा रहा युवक ट्रॉले के पहिए के नीचे फंस गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुट गए।
सर्विस लाइन पर पांच वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ट्रॉला दौलतपुरा टोल से होते हुए अजमेर रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रोड नंबर-14 के पास सर्विस लाइन पर उसने तीन चारपहिया और दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। लगातार हुई टक्करों के कारण सड़क पर वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और यातायात भी प्रभावित हुआ।
स्कूटी सवारों से बहस के बाद हुआ हादसा?
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे से पहले दो स्कूटी सवारों और ट्रॉला चालक के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद स्कूटी सवारों ने पत्थर मारकर ट्रॉले को रोकने की कोशिश की थी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रॉला चालक ने वाहन से नियंत्रण कैसे खोया और दुर्घटना से पहले स्कूटी सवारों के साथ हुई कथित कहासुनी का हादसे से कोई संबंध था या नहीं। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
