जनसुनवाई में युवक पर भड़के UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा, वीडियो में बोले- पेट में दर्द था तो उसी वक्त दिखाना चाहिए था
बीकानेर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान नगरीय विकास एवं आवासन (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा एक युवक पर नाराज हो गए। शिकायत लेकर पहुंचे युवक के हंगामे पर मंत्री ने उसे तथ्यों के साथ अपनी बात रखने की नसीहत दी और कार्यक्रम के अंत में विरोध जताने पर सवाल उठाए।जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने युवक से कहा, "मैं कल से यहां हूं और लगातार जनसुनवाई कर र हूं। अब आकर हो-हल्ला क्यों कर रहे हो?" उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई समस्या थी तो उसे समय रहते सामने लाना चाहिए था।
खर्रा ने युवक को संबोधित करते हुए कहा, "पेट में दर्द था तो उसी वक्त दिखाना चाहिए था। यह नहीं हो सकता कि जनसुनवाई खत्म होने का इंतजार करो और बाद में हंगामा शुरू कर दो।" मंत्री की यह टिप्पणी वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
वहीं जनसुनवाई समाप्त होने के बाद एक अन्य युवक मंत्री को ज्ञापन देने पहुंचा। बताया जा रहा है कि ज्ञापन सौंपने के बाद युवक उसे वापस लेने लगा, जिस पर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने युवक से कहा, "मेरे से छीना-झपटी मत करो, फाड़कर फेंक दूंगा।"घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री और युवकों के बीच हुई तीखी बातचीत को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
हालांकि मंत्री ने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान करना है और शिकायतकर्ताओं को अपनी बात तथ्यों और उचित प्रक्रिया के साथ रखनी चाहिए। बीकानेर की इस जनसुनवाई में हुई घटना अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
