उदयपुर अस्पताल मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, भूपालपुरा CI लाइन हाजिर; वीडियो में जाने पुलिस की मौजूदगी में डॉक्टरों से हुई थी मारपीट
उदयपुर के जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में भूपालपुरा थाना प्रभारी (CI) आदर्श कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह लाइन से सुनील चारण को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई है, जिसमें एक मरीज के परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा अस्पताल में डॉक्टरों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी। मामले को लेकर चिकित्सकों और मेडिकल संगठनों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए थे।
आरोप है कि घटना के समय सीआई समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद था, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों ने डॉक्टरों के साथ मारपीट की। बताया गया कि ऑपरेशन थियेटर में घुसकर डॉक्टरों को बुरी तरह घसीटा गया और उनके साथ हाथापाई की गई। इस दौरान कुछ डॉक्टरों के कपड़े तक फाड़ दिए गए।घटना के बाद डॉक्टरों में भारी रोष देखने को मिला था। चिकित्सकों ने आरोप लगाया था कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल सकी, जिससे अस्पताल परिसर में हिंसक घटना हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉक्टर योगेश दुहन ने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर भूपालपुरा सीआई आदर्श कुमार को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया गया।पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है। इस कार्रवाई को चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस जवाबदेही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
