श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास मिले दो संदिग्ध बम जैसे बॉक्स: 3 नवंबर को इसी रूट पर हुआ था आईईडी विस्फोट, फुटेज में देंखे गिरफ्तार आरोपियों को लेकर पहुंची पुलिस
श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास दो संदिग्ध बम जैसे बॉक्स मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों बॉक्स रेलवे लाइन से करीब 10 से 20 मीटर दूर खाली जगह पर मिले हैं। इनमें से एक बॉक्स टूटा हुआ है, जबकि दूसरा बंद है और उसके अंदर कुछ भरा होने की आशंका है। पुलिस को संदेह है कि इन बॉक्स में विस्फोटक हो सकता है।यह मामला अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर की रात हुए आईईडी विस्फोट से जुड़ा है। इस घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। सोमवार को जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी गिरफ्तार आरोपियों को लेकर घटनास्थल से करीब 7 किलोमीटर पहले रेलवे ट्रैक पर पहुंचे थे। इसी दौरान रेलवे लाइन के पास संदिग्ध बॉक्स मिलने की जानकारी सामने आई।
पीर की मजार के पास मिले दोनों बॉक्स
जांच अधिकारी नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपियों को रामसिंहपुर रेलवे स्टेशन से करीब 300 मीटर पहले स्थित पीर की मजार के पास ले जाया गया था। यहां रेलवे ट्रैक से 10 से 20 मीटर दूर खाली जगह पर दो बॉक्स मिले।इनमें से एक बॉक्स टूटा हुआ है, जबकि दूसरा पूरी तरह पैक है। दूसरे बॉक्स में कुछ सामग्री भरी होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इनमें बम या विस्फोटक हो सकता है। हालांकि, बॉक्स में वास्तव में क्या है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था आईईडी धमाका
गौरतलब है कि अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर गांव 50 जीबी के पास 3 नवंबर की रात आईईडी से विस्फोट हुआ था। धमाके की वजह से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो स्लीपर टूट गए थे। इसके अलावा आसपास के कई स्लीपरों के लॉक भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। पटरियों के बीच गहरा गड्ढा बन गया था।इस घटना की गंभीरता इसलिए भी ज्यादा थी, क्योंकि धमाके से करीब आधे घंटे पहले ही एक यात्री ट्रेन उसी ट्रैक से गुजर चुकी थी। यदि विस्फोट ट्रेन गुजरने के दौरान होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पंजाब से गिरफ्तार हुए थे दो आरोपी
रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने 14 नवंबर को पंजाब के गुरदासपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें महिला महकदीप कौर और उसका साथी देवेंद्र शामिल हैं।गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर रही हैं। सोमवार को जांच अधिकारी उन्हें लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे थे, जहां संदिग्ध बॉक्स मिले।
विस्फोटक होने की आशंका, जांच में जुटी एजेंसियां
रेलवे ट्रैक के पास मिले दोनों बॉक्स ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। एक बॉक्स का टूटा होना और दूसरे का बंद मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल इनमें विस्फोटक होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन बॉक्स का 3 नवंबर को हुए आईईडी विस्फोट से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन्हें किसने और किस उद्देश्य से वहां रखा था।
