पाली में जल संसाधन विभाग के दो बड़े अधिकारी भिड़े, वीडियो में जाने अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता में मारपीट; थाने पहुंचा मामला
पाली में जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में शुक्रवार शाम दो अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। अधीक्षण अभियंता रिनेश सिंघवी और अधिशासी अभियंता शंकरलाल राठौड़ ने एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया। देर रात दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैठक के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे के बाद सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में जवाई बांध के सहायक सेईं बांध की टनल को लेकर बैठक हुई थी। इसी दौरान अधीक्षण अभियंता रिनेश सिंघवी के कक्ष में उनके और अधिशासी अभियंता शंकरलाल राठौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों के बीच वेतन रोकने के नोटिस और विधानसभा में पूछे गए सवालों के जवाब को लेकर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि मामला कथित तौर पर मारपीट तक पहुंच गया।
कार्यालय में मौजूद कर्मचारी रह गए हैरान
घटना के समय कार्यालय में कर्मचारी भी मौजूद थे। दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच विवाद बढ़ने और मारपीट की स्थिति बनने से कर्मचारी सकते में आ गए। विभागीय कार्यालय में अचानक बने इस माहौल से अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।फिलहाल विवाद के पीछे वेतन रोकने के नोटिस और विधानसभा के सवालों के जवाब को लेकर मतभेद सामने आए हैं। हालांकि, घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और विवाद किसकी ओर से शुरू किया गया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में दी रिपोर्ट
घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। देर रात अधीक्षण अभियंता रिनेश सिंघवी और अधिशासी अभियंता शंकरलाल राठौड़, दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी। दोनों अधिकारियों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान दोनों अधिकारियों के आरोपों, घटना की परिस्थितियों और मौके पर मौजूद कर्मचारियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जाएगा।जल संसाधन विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच कार्यालय में हुए इस विवाद से विभाग में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने का इंतजार है।
