जयपुर में फायरिंग के आरोपी हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा समेत दो बदमाश गिरफ्तार, फुटेज में देखें भागने की कोशिश में एक का पैर टूटा
राजधानी जयपुर में युवक पर फायरिंग की घटना के बाद फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा और उसके साथी राहुल को पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर दोनों को दबोचने में सफलता हासिल की।
डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा ने बताया कि फायरिंग की वारदात के बाद से ही दोनों बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई थी। पुलिस की विशेष टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। देर रात उनकी सटीक लोकेशन मिलने पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही दोनों आरोपी घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने की कोशिश के दौरान दोनों असंतुलित हो गए। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसका साथी राहुल भी घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें काबू में लिया।
घायल अवस्था को देखते हुए पुलिस ने मानवीय आधार पर दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, डॉक्टरों से फिटनेस रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों की विधिवत गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रवि मेहरा इलाके का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फायरिंग की हालिया घटना के बाद से वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसके साथी राहुल की भी आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल था। ऐसे में इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर फायरिंग के कारणों, हथियारों की उपलब्धता और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाएगी।
डीसीपी करन शर्मा ने कहा कि शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
