Aapka Rajasthan

जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे परिवार को कुचला, फुटेज में देंखे पिता समेत 4 की मौत; मां गंभीर घायल

जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे परिवार को कुचला, फुटेज में देंखे पिता समेत 4 की मौत; मां गंभीर घायल
 
जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे परिवार को कुचला, फुटेज में देंखे पिता समेत 4 की मौत; मां गंभीर घायल

जयपुर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बस का इंतजार कर रहे एक परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पिता और उसके तीन मासूम बेटों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक और उसका खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

यह हादसा सुबह करीब 8:45 बजे श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाइपास स्थित कमला नेहरू नगर इलाके में हुआ।

रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ा ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे फुटपाथ पर चढ़ गया। उस समय एक परिवार गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। ट्रेलर ने माता-पिता और उनके तीन बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की तीव्रता के कारण सभी लोग पास के नाले में जा गिरे। गंभीर रूप से घायल पिता और मां को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता ने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश और उनके तीन बेटों रमेश, रतन और दीपक के रूप में की है। चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनके दोनों पैर टूट गए हैं और उनका इलाज एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

झाड़ू बेचकर चलाते थे परिवार का गुजारा

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार बागरी समाज से संबंध रखता था और जयपुर के वैशाली नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। परिवार झाड़ू बनाकर और बेचकर अपना जीवनयापन करता था।मंगलवार सुबह पूरा परिवार अपने पैतृक गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी जिंदगी उजाड़ दी।

चालक और खलासी फरार

हादसे के बाद ट्रेलर चालक और उसका खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।