Aapka Rajasthan

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: फुटेज में देंखे डिग्गी में डूबने से 3 सगी बहनों और ममेरे भाई की मौत, खेत में खेलते समय हुआ हादसा

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: फुटेज में देंखे डिग्गी में डूबने से 3 सगी बहनों और ममेरे भाई की मौत, खेत में खेलते समय हुआ हादसा
 
जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: फुटेज में देंखे डिग्गी में डूबने से 3 सगी बहनों और ममेरे भाई की मौत, खेत में खेलते समय हुआ हादसा

जैसलमेर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों और उनके ममेरे भाई की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन सगी बहनें और एक युवक शामिल है। तीनों बच्चियां छुट्टियों में अपने ननिहाल आई हुई थीं। दोपहर में वे अपने मामा के बेटे के साथ खेत में खेल रही थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह पानी से भरी डिग्गी में गिर गई। उसे बचाने के लिए उसकी दो बहनें और ममेरा भाई भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते चारों डूब गए।हादसा जैसलमेर जिले के सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में दोपहर करीब 3 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चारों की जान जा चुकी थी।

एक बच्ची को बचाने के लिए तीनों पानी में उतरे

जानकारी के अनुसार, सिपला निवासी नारायणराम भील की तीन बेटियां मोरू, धीया और माया छुट्टियों में अपने ननिहाल रूपसी आई हुई थीं। शुक्रवार दोपहर तीनों बहनें खेत में अपने मामा के बेटे के साथ खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह खेत में बनी पानी की डिग्गी में जा गिरी।अपनी बहन को डूबता देखकर बाकी दोनों बहनें उसे बचाने के लिए डिग्गी में उतर गईं। उनके साथ ममेरा भाई भी पानी में चला गया। पानी गहरा होने के कारण चारों बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई।हादसे में रूपसी निवासी अमृतराम भील के बेटे दिलीप की भी मौत हुई है। इस तरह हादसे में तीन सगी बहनों मोरू, धीया और माया के साथ उनके ममेरे भाई दिलीप की जान चली गई।

खेत के आसपास नहीं था कोई, देर से मिली जानकारी

सदर थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल जेठाराम ने बताया कि हादसे के समय खेत के आसपास कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद जब परिजनों को बच्चों के डिग्गी में डूबने की जानकारी मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्चों को बचाने की उम्मीद में लोग डिग्गी के पानी में उतर गए और उनकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि, डिग्गी काफी गहरी होने के कारण बच्चों का पता लगाने में परेशानी हो रही थी।

जेसीबी से डिग्गी तोड़कर निकाला पानी

काफी प्रयासों के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला तो जेसीबी मशीन बुलाई गई। इसकी मदद से डिग्गी को तोड़कर पानी बाहर निकाला गया। पानी कम होने के बाद चारों बच्चों को बाहर निकाला जा सका। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। एक ही परिवार की तीन बेटियों और उनके ममेरे भाई की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।