आमेर में चाकूबाजी में घायल टूरिस्ट गाइड की मौत, विरोध में बंद हुआ बाजार; जीप ड्राइवर गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर में चाकूबाजी की घटना में घायल हुए टूरिस्ट गाइड मनीष कुमार सोनी की मंगलवार सुबह मौत हो गई। मनीष का इलाज जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के आईसीयू में चल रहा था, जहां सुबह करीब 7 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। गाइड की मौत की खबर फैलते ही आमेर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में आमेर बाजार बंद कर दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रास्ता बताने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे आमेर मावठे के पास हुई थी। मनीष कुमार सोनी वहां मौजूद थे। इसी दौरान कुछ पर्यटक प्राइवेट कार से पहुंचे और उन्होंने आमेर महल जाने का रास्ता पूछा।वहां जीप लेकर खड़े ड्राइवर आजम ने पर्यटकों से कहा कि निजी कार आमेर महल तक नहीं जा सकती और उन्हें जीप से जाना होगा। इसके बाद टूरिस्ट गाइड मनीष ने पर्यटकों को रास्ता समझा दिया और वे अपनी कार से महल की ओर रवाना हो गए।इसी बात को लेकर जीप ड्राइवर आजम और मनीष के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में ड्राइवर ने पेट में घोंपा चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आरोपी जीप ड्राइवर आजम ने चाकू निकाल लिया और मनीष के पेट में वार कर दिया। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर खून से लथपथ हालत में गिर पड़े।घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए SMS अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया था। लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी जीप ड्राइवर आजम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।आरोपी से पूछताछ कर वारदात के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
आमेर में लोगों में गुस्सा
मनीष की मौत के बाद आमेर के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों के लिए काम करने वाले गाइड के साथ इस तरह की घटना बेहद दुखद है।लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना के बाद आमेर बाजार बंद रहा और बड़ी संख्या में लोग विरोध में जुटे।
