उदयपुर रेस्तरां में खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर पर्यटक से मारपीट का आरोप, स्टाफ ने बताया बड़ी इलायची
राजस्थान के उदयपुर में खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत करना एक पर्यटक को भारी पड़ गया। आरोप है कि रेस्तरां में खाना खाने पहुंचे पर्यटक ने जब भोजन में कॉकरोच मिलने की शिकायत की तो विवाद शुरू हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। रेस्तरां स्टाफ ने कथित तौर पर कॉकरोच होने से इनकार करते हुए उसे बड़ी इलायची बताया।
परिवार के साथ खाना खाने पहुंचा था पर्यटक
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद निवासी 35 वर्षीय जयेश पटेल अपने परिवार के साथ उदयपुर घूमने आए थे। शनिवार को वह धानमंडी थाना क्षेत्र के दिल्ली गेट चौक स्थित मीरा रेस्तरां में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाते समय परिवार के सदस्यों को थाली में एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे उन्होंने कॉकरोच बताया।
इसके बाद जयेश पटेल ने रेस्तरां कर्मचारियों से इसकी शिकायत की। आरोप है कि स्टाफ ने कॉकरोच होने की बात से इनकार करते हुए कहा कि वह बड़ी इलायची है। कर्मचारियों की ओर से कथित तौर पर इसे रसोई में ले जाकर धोकर दिखाने की बात भी कही गई।
शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, पर्यटक ने इस पर आपत्ति जताई। उसका कहना था कि अगर उस वस्तु को रसोई में ले जाया गया तो मामले से जुड़े साक्ष्य खत्म हो सकते हैं। इसी बात को लेकर पर्यटक और रेस्तरां कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान रेस्तरां संचालक और कर्मचारियों ने जयेश पटेल के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में उनके सिर और चेहरे पर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए महाराणा भूपाल अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने दर्ज की दोनों पक्षों की शिकायत
घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें मौके पर एक पुलिसकर्मी मौजूद दिखाई दे रहा है। आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मी विवाद रोकने में सफल नहीं रहा। हालांकि, मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।
रेस्तरां मालिक ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, रेस्तरां पक्ष की ओर से मारपीट के आरोपों से इनकार किया गया है। रेस्तरां संचालक ने दावा किया कि पर्यटक नशे की हालत में था और हंगामा कर रहा था। पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।
फिलहाल, उदयपुर की इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा और रेस्तरां में खाद्य गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
