Aapka Rajasthan

आमेर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बढ़ा बाघों का कुनबा, बाघिन रानी ने एकसाथ 5 शावकों को दिया जन्म

 
आमेर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बढ़ा बाघों का कुनबा, बाघिन रानी ने एकसाथ 5 शावकों को दिया जन्म 

राजस्थान के जयपुर के आमेर में स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान से बड़ी खबर आई है। उद्यान में रह रही बाघिन रानी ने सफल प्रजनन कर पांच शावकों को जन्म दिया है। जन्म के बाद उद्यान में एक शावक सफेद और चार शावक सुनहरे रंग के नजर आए। अधिकारियों के अनुसार बाघिन रानी और उसके पांचों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। बाघिन रानी अपने नवजात बच्चों की अच्छी तरह से देखभाल कर रही है।

इससे पहले 4 शावकों को दिया था जन्म

बढ़ती संवेदनशीलता को देखते हुए उद्यान में निगरानी भी तेज कर दी गई है। इससे पहले रानी ने चार शावकों को जन्म दिया था, जिनमें से दो शावकों की मौत हो गई थी। फिलहाल रानी के पहले प्रजनन से पैदा हुए सफेद शावक 'भीम' और सुनहरे रंग की मादा शावक 'स्कंदी' पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं।

शेरों और बाघों का सफल प्रजनन

नाहरगढ़ जैविक उद्यान राजस्थान का पहला चिड़ियाघर है, जहां शेरों और बाघों का सफल प्रजनन किया जा रहा है। उद्यान प्रशासन इस सफलता को संरक्षण कार्यक्रमों की बड़ी उपलब्धि मान रहा है। उम्मीद है कि आने वाले समय में इसके और भी बेहतर परिणाम मिलेंगे।