रणथंभौर में बाघिन ‘दुर्गा’ का शिकार, वीडियो में देंखे तीन शावकों के साथ नीलगाय खाते दिखी, पर्यटक हुए रोमांचित
सवाई माधोपुर स्थित Ranthambore Tiger Reserve में रविवार सुबह एक रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब बाघिन ‘दुर्गा’ अपने तीन शावकों के साथ नीलगाय का शिकार करती नजर आई। इस दुर्लभ नजारे को देखकर सफारी पर गए पर्यटक रोमांचित हो उठे।
जानकारी के अनुसार, यह दृश्य टाइगर रिजर्व के जोन नंबर 4 में देखा गया। सुबह की पारी में सफारी के दौरान पर्यटक जब बैरदा वन क्षेत्र में पहुंचे, तब उन्हें बाघिन टी-2307 ‘दुर्गा’ अपने तीनों शावकों के साथ दिखाई दी। खास बात यह रही कि पूरा कुनबा एक साथ शिकार का आनंद लेता नजर आया।
पर्यटकों के लिए यह दृश्य जितना रोमांचकारी था, उतना ही चौंकाने वाला भी। अचानक बाघिन और उसके शावकों को एक साथ देख कुछ समय के लिए पर्यटकों की सांसें थम सी गईं। बाद में जब उन्होंने बाघिन को नीलगाय का शिकार करते और अपने शावकों के साथ उसे खाते देखा, तो यह अनुभव उनके लिए यादगार बन गया।इस अद्भुत पल को पर्यटकों ने अपने डिजिटल कैमरों में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वन विभाग के अनुसार, बाघिन ‘दुर्गा’ अपने शावकों को शिकार के गुर सिखा रही है। यह प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें बाघिन अपने बच्चों को जंगल में जीवित रहने के तरीके सिखाती है।गौरतलब है कि करीब 7 दिन पहले ही पर्यटकों ने बाघिन ‘शक्ति’, जो ‘दुर्गा’ की मां है, को मगरमच्छ के बच्चे का शिकार करते हुए देखा था। ऐसे लगातार हो रहे शिकार के दृश्य रणथंभौर में वन्यजीव गतिविधियों के सक्रिय होने का संकेत दे रहे हैं।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां बाघों की मौजूदगी और उनके व्यवहार को करीब से देखने का अनुभव पर्यटकों के लिए बेहद खास होता है।फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर रणथंभौर की रोमांचक वन्यजीव दुनिया को सुर्खियों में ला दिया है और पर्यटकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है।
