Aapka Rajasthan

जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में दिखा रोमांचक नजारा, फुटेज में देंखे मादा शावक ने पलक झपकते ही खरगोश का किया शिकार

जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में दिखा रोमांचक नजारा, फुटेज में देंखे मादा शावक ने पलक झपकते ही खरगोश का किया शिकार
 
जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में दिखा रोमांचक नजारा, फुटेज में देंखे मादा शावक ने पलक झपकते ही खरगोश का किया शिकार

जयपुर के प्रसिद्ध झालाना लेपर्ड रिजर्व में शनिवार सुबह पर्यटकों को जंगल का ऐसा रोमांचक नजारा देखने को मिला, जिसे वे शायद ही कभी भूल पाएंगे। सफारी के दौरान पर्यटकों ने एक मादा लेपर्ड शावक को शिकार करते हुए अपनी आंखों से देखा और इस पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में कैद कर लिया। रिजर्व के रूट नंबर-1 और रूट नंबर-2 के बीच यह रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जहां लेपर्ड फ्लोरा की मादा शावक ने घात लगाकर बैठे एक जंगली खरगोश का शिकार कर लिया।

घास में छिपे खरगोश पर शावक की नजर

जानकारी के अनुसार, इन दिनों लेपर्ड फ्लोरा अपने दोनों शावकों को जंगल में शिकार करने की कला सिखा रही है। इसी दौरान शनिवार सुबह सफारी के दौरान फ्लोरा की मादा शावक एक जंगली खरगोश पर नजर बनाए हुए थी।गाइड सीपी सैनी ने बताया कि शावक काफी देर तक घास में छिपे खरगोश को देखती रही। खरगोश भी खतरे से अनजान होकर घास चर रहा था। जैसे ही वह थोड़ी देर के लिए खुले स्थान पर आया, शावक ने मौका नहीं गंवाया और तेजी से छलांग लगा दी।

कुछ ही सेकंड में दबोच लिया शिकार

पर्यटकों के सामने हुए इस घटनाक्रम में शावक ने बेहद तेजी और फुर्ती दिखाते हुए खरगोश को अपने जबड़ों में दबोच लिया। शिकार करने के बाद शावक कुछ देर तक खरगोश को मुंह में दबाकर इधर-उधर घूमती रही।इसके बाद वह अपने शिकार को लेकर जंगल के अंदर चली गई। पर्यटकों ने इस पूरे दृश्य को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

शावकों को शिकार सिखा रही है लेपर्ड फ्लोरा

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, छोटे शावकों के लिए शिकार सीखना उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। मां लेपर्ड अपने बच्चों को जंगल में जीवित रहने के लिए जरूरी कौशल सिखाती है, जिसमें शिकार करना, खतरे को पहचानना और जंगल में खुद को सुरक्षित रखना शामिल होता है।झालाना लेपर्ड रिजर्व में इन दिनों फ्लोरा और उसके शावकों की गतिविधियां पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं।

पर्यटकों के लिए यादगार बना सफारी अनुभव

सफारी के दौरान अक्सर पर्यटकों को वन्यजीवों की गतिविधियां देखने को मिलती हैं, लेकिन किसी शिकारी जानवर के शिकार का लाइव दृश्य बेहद दुर्लभ माना जाता है। यही वजह है कि शनिवार का यह नजारा पर्यटकों के लिए बेहद खास बन गया।झालाना लेपर्ड रिजर्व में लेपर्ड की बढ़ती संख्या और उनके प्राकृतिक व्यवहार के कारण यह स्थान देश-विदेश के पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।