PM मोदी के जन्मदिन पर राजस्थान में जले हजारों दीये, जयपुर से जोधपुर तक हुए कई कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को राजस्थान में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयपुर से लेकर जोधपुर तक बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाए और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। जयपुर में अल्बर्ट हॉल के सामने ‘एक दीप आशीर्वाद का’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां हजारों दीपकों से परिसर रोशन नजर आया।
अल्बर्ट हॉल पर जले 50 हजार दीये
जयपुर में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की ओर से ‘एक दीप आशीर्वाद का’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अल्बर्ट हॉल पर करीब 50 हजार दीये जलाए गए। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाकर उनके लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। दीपों की रोशनी से अल्बर्ट हॉल का परिसर जगमगा उठा।
मदन राठौड़ ने अमर जवान ज्योति पर जलाया दीया
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर दीप जलाया। उन्होंने जयपुर स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय के साथ ही अमर जवान ज्योति पर पहुंचकर दीया जलाया।बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए और प्रधानमंत्री के जन्मदिन को विभिन्न गतिविधियों के जरिए मनाया।
दीया कुमारी ने गोविंददेवजी मंदिर में की पूजा
राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने जयपुर के प्रसिद्ध गोविंददेवजी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में दीपक जलाया और आरती में भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
जोधपुर में दीप जलाने के साथ आतिशबाजी
जोधपुर में भी बीजेपी कार्यालय पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में दीपक जलाए। इसके साथ ही आतिशबाजी कर जन्मदिन का जश्न मनाया गया।कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
बीजेपी पार्षदों ने चलाया स्वच्छता अभियान
जयपुर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन केमौके पर बीजेपी पार्षदों ने स्वच्छता अभियान भी चलाया। बाड़ेबंदी में रखे गए पार्षदों ने रिसोर्ट के बैक एरिया में सफाई की। सफाई अभियान के बाद पार्षदों ने स्वच्छता की शपथ भी ली।इस दौरान स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
CJP ने भी जलाए ‘आशीर्वाद के दीये’
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की ओर से भी ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए। CJP के नेशनल कन्वीनर आशुतोष रांका ने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की गई है।इसी अभियान के तहत CJP की ओर से भी दीप जलाए गए। कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी गईं।
