Jodhpur सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी, जेवरात और नगदी पार मामला दर्ज

जोधपुर न्यूज़ डेस्क सूने मकान में चोरों ने दिनदहाड़े अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने टाउन थाना पुलिस में मामला दर्ज कराया है। वारदात के समय मकान पर ताला लगा हुआ था। घटना क्षेत्र के वार्ड 34 में कौशल्या विहार स्थित सूने मकान में हुई।पुलिस के अनुसार राजेश कुमार (34) पुत्र जोखन राम निवासी वार्ड 34, कौशल्या विहार, साईं कॉलोनी के पास टाउन ने लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि 18 नवम्बर की सुबह वह अपने घर पर नहीं था। घर के ताला लगा हुआ था। शाम करीब 4.30 बजे वह अपने घर आया तो घर का ताला टूटा हुआ था। घर के अन्दर रखी अलमारी के लॉकर से चांदी की एक जोड़ी पाजेब, सोने की कान की बालियां, सोने का मंगलसूत्र, सोने की तागड़ी, एक अंगूठी, 27 हजार रुपए नगद, दो चांदी के सिक्के गायब थे। दिन के समय कोई अज्ञात व्यक्ति मकान का ताला तोड़कर घर में घुसा और अंदर रखे जेवरात और रुपए चोरी कर ले गया। उसने आसपास पता किया पर कोई जानकारी नहीं मिली।टाउन थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है। जांच हैड कॉन्स्टेबल मनीष बिश्नोई कर रहे हैं।