Aapka Rajasthan

जयपुर में दिनदहाड़े चोरी, 3 मिनट में घर का ताला तोड़ दो गैस सिलेंडर लेकर फरार हुआ बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

जयपुर में दिनदहाड़े चोरी, 3 मिनट में घर का ताला तोड़ दो गैस सिलेंडर लेकर फरार हुआ बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात
 
जयपुर में दिनदहाड़े चोरी, 3 मिनट में घर का ताला तोड़ दो गैस सिलेंडर लेकर फरार हुआ बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

राजधानी जयपुर में दिनदहाड़े चोरी की एक और घटना सामने आई है। सांगानेर इलाके में एक बदमाश ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए दो गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। आरोपी स्कूटी से आया, मकान का ताला तोड़ा और महज तीन मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।

दोपहर में बंद मकान को बनाया निशाना

यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा स्थित गंगा विहार कॉलोनी में हुई। जानकारी के अनुसार, घर के लोग बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने बंद मकान को निशाना बनाया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी दोपहर 1:17 बजे स्कूटी से मौके पर पहुंचा। पहले उसने मकान का ताला तोड़ा और फिर कुछ देर के लिए वापस अपनी स्कूटी के पास आकर आसपास का जायजा लिया।इसके बाद वह दोबारा घर के अंदर गया और दो गैस सिलेंडर उठाकर अपनी स्कूटी पर रख लिए। सिलेंडर लेकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात महज तीन मिनट में पूरी हो गई।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उसके आने-जाने के रास्तों का भी पता लगाया जा रहा है।

दिनदहाड़े चोरी से लोगों में दहशत

दिन के समय रिहायशी इलाके में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि दिनदहाड़े इस तरह बेखौफ होकर चोरी की घटनाएं हो रही हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।