अजमेर में पान की दुकान में चोरी, वीडियो में देंखे शटर काटकर नकदी-चांदी का सामान ले उड़ा चोर
शहर के ब्यावर रोड स्थित एक पान की दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और ताले तोड़कर नकदी सहित कीमती सामान चोरी कर फरार हो गया। इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान मालिक सुबह दुकान पर पहुंचा। पीड़ित के अनुसार, चोर दुकान से तीन चांदी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, एक मोबाइल फोन और करीब 5 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया। चोरी की घटना के बाद जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, तो चोर वारदात को अंजाम देते हुए कैमरे में कैद दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले सीटीवी कैमरे को भी बंद कर दिया था, जिससे साफ होता है कि वह पूरी तैयारी के साथ आया था। हालांकि इसके बावजूद कुछ फुटेज सुरक्षित रह गई, जिसमें उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। दुकान मालिक ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसकी दुकान को निशाना बनाया गया हो। करीब डेढ़ महीने पहले भी इसी दुकान में चोरी की वारदात हुई थी, जिससे वह पहले से ही परेशान था।
घटना की सूचना मिलते ही रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर चोर की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
