कोटा के हनुमान मंदिर में चोरी: जूते पहनकर घुसे बदमाश, 250 ग्राम का चांदी का छत्र ले उड़े, वारदात CCTV में कैद
राजस्थान के कोटा जिले में एक हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। दो बदमाश अलसुबह मंदिर में घुसे और भगवान हनुमान की प्रतिमा पर चढ़ा करीब 250 ग्राम वजनी चांदी का छत्र चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। यह घटना बुधवार तड़के करीब 3 बजे कैथून थाना क्षेत्र के खेड़ारामपुर गांव स्थित अखाड़े के बालाजी के बाग में हुई।
ताला नहीं टूटा तो लकड़ी से खींच लिया छत्र
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों बदमाश जूते पहनकर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।पहले एक बदमाश ने मंदिर के चैनल गेट पर लगे ताले को तोड़ दिया। इसके बाद अंदर लगे दूसरे ताले को तोड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका।तब उसका साथी मंदिर के पीछे से एक लकड़ी लेकर आया। लकड़ी के सिरे पर एक वस्तु बांधकर उन्होंने दूर से ही भगवान बालाजी की प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र खींच लिया और उसे लेकर मौके से फरार हो गए।
सुबह पुजारी को हुई घटना की जानकारी
सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और मामले की शिकायत कैथून थाने में दर्ज कराई गई।
पहले भी हो चुकी है चोरी
ग्रामीणों के अनुसार, यह मंदिर नागा साधुओं की तपोस्थली के रूप में जाना जाता है और यहां पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार भी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
