Aapka Rajasthan

डॉक्टर के थप्पड़ से आहत युवक पेड़ पर चढ़ा, गले में फंदा डालकर बैठा; वीडियो में देंखे 4 घंटे से प्रशासन की समझाइश जारी

डॉक्टर के थप्पड़ से आहत युवक पेड़ पर चढ़ा, गले में फंदा डालकर बैठा; वीडियो में देंखे 4 घंटे से प्रशासन की समझाइश जारी
 
डॉक्टर के थप्पड़ से आहत युवक पेड़ पर चढ़ा, गले में फंदा डालकर बैठा; वीडियो में देंखे 4 घंटे से प्रशासन की समझाइश जारी

 

अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने से नाराज होकर ऐसा कदम उठा लिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। युवक अस्पताल परिसर में स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और डाली पर फंदा डालकर बैठ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश की गई।

घटना गढ़ीसवाईराम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे युवक उम्मेदीलाल अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने किसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की और उसे थप्पड़ मारा। अस्पताल में मौजूद लोगों के सामने थप्पड़ मारे जाने और अपमानित होने से युवक कथित तौर पर काफी आहत हो गया।

घटना के बाद युवक अस्पताल से बाहर निकला और परिसर में मौजूद पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। वह अपने साथ लाई रस्सी से पेड़ की डाली पर फंदा तैयार कर वहीं बैठ गया। युवक के इस कदम की जानकारी मिलते ही अस्पताल और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाइश के बाद युवक एक बार पेड़ से नीचे आने के लिए तैयार भी हो गया। वह कुछ दूरी तक नीचे आया, लेकिन अचानक फिर वापस पेड़ पर चढ़ गया और डाली पर जाकर बैठ गया।

युवक की मांग है कि उसके साथ कथित तौर पर मारपीट करने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वह इसी मांग को लेकर पेड़ पर बैठा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत कर रहे हैं, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा जा सके।घटना के चार घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद युवक अभी तक पेड़ से नीचे नहीं आया है। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए अधिकारी युवक को शांत करने और बातचीत के जरिए उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।

घटना के बाद अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के बीच डॉक्टर और युवक के बीच हुए विवाद को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद उसके आरोपों और अस्पताल में हुई कथित मारपीट की जांच की जा सकती है। पुलिस और प्रशासन की ओर से युवक से लगातार बातचीत की जा रही है और मौके पर स्थिति को नियंत्रित रखने के प्रयास जारी हैं।