Aapka Rajasthan

जयपुर की हवेली से निकली तीसरी तिजोरी बनी चर्चा का केंद्र, वीडियो में जाने पूर्व मालिक पक्ष का युवक लेकर चला गया; 3 घंटे बाद खुली तो निकली खाली

जयपुर की हवेली से निकली तीसरी तिजोरी बनी चर्चा का केंद्र, वीडियो में जाने पूर्व मालिक पक्ष का युवक लेकर चला गया; 3 घंटे बाद खुली तो निकली खाली
 
जयपुर की हवेली से निकली तीसरी तिजोरी बनी चर्चा का केंद्र, वीडियो में जाने पूर्व मालिक पक्ष का युवक लेकर चला गया; 3 घंटे बाद खुली तो निकली खाली

राजधानी जयपुर की एक पुश्तैनी हवेली से मिली तीसरी तिजोरी को लेकर मंगलवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब हवेली के पूर्व मालिक पक्ष का एक युवक तिजोरी उठाकर अपने साथ ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद युवक को तिजोरी सहित वापस बुलाया गया। इसके बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कटर की मदद से तिजोरी खोली गई, लेकिन उसमें कुछ भी नहीं मिला। तिजोरी खाली निकलने के साथ ही उसमें खजाना मिलने की तमाम अटकलों पर विराम लग गया।

जेसीबी से दीवार तोड़ते समय मिली तिजोरी

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे धाभाई जी के खुर्रे स्थित मुंबई वालों की हवेली को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी से दीवार गिराते समय मलबे के बीच से एक लोहे की तिजोरी बाहर निकल आई। तिजोरी दिखते ही वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में खलबली मच गई।

ड्राइवर ने किनारे रखी, युवक लेकर चला गया

जेसीबी चालक रिहान ने तिजोरी को मलबे से निकालकर एक तरफ सुरक्षित रख दिया। इसी बीच हवेली के पूर्व मालिक परिवार का सदस्य अभिषेक अग्रवाल एक्टिवा से मौके पर पहुंचा और तिजोरी उठाकर अपने साथ ले गया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस की समझाइश के बाद लौटी तिजोरी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अभिषेक अग्रवाल से संपर्क किया। काफी समझाइश के बाद वह तिजोरी लेकर वापस मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में तिजोरी खोलने की तैयारी शुरू की गई।

कटर से काटकर खोली गई तिजोरी

तिजोरी का लॉक काफी मजबूत होने के कारण उसे सामान्य तरीके से खोलना संभव नहीं था। करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद कटर मशीन की मदद से तिजोरी को खोला गया। मौके पर मौजूद लोगों को उम्मीद थी कि तिजोरी में पुराने समय के कीमती सामान, जेवरात या नकदी मिल सकती है।

खाली निकली तिजोरी, खत्म हुई चर्चाएं

जब तिजोरी खोली गई तो वह पूरी तरह खाली निकली। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में निराशा फैल गई और हवेली में छिपे खजाने को लेकर चल रही चर्चाओं का अंत हो गया।

पहले भी मिल चुकी हैं तिजोरियां

बताया जा रहा है कि हवेली से इससे पहले भी तिजोरियां मिल चुकी हैं। इसी वजह से तीसरी तिजोरी मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में उत्सुकता बढ़ गई थी। हालांकि इस बार भी तिजोरी में कोई कीमती सामान नहीं मिला।फिलहाल पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दर्ज कर ली है। तिजोरी खाली मिलने के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन दिनभर यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।