गुजराती ब्लॉकबस्टर फिल्म 'लालो' की स्टारकास्ट ने जयपुर के ग्रूमवेल स्कूल में बच्चों संग की स्पेशल स्क्रीनिंग
देशभर में धूम मचा रही गुजराती ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘लालो’ की स्टारकास्ट ने मंगलवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्थित ग्रूमवेल स्कूल का दौरा किया। इस दौरान बच्चों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने फिल्म का आनंद लिया और स्टारकास्ट के साथ बातचीत भी की।
‘लालो’ फिल्म सिर्फ 50 लाख रुपए की लागत में बनी है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 100 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार कर दिखाया है। इस फिल्म की सफलता ने गुजराती सिनेमा को नई पहचान दी है और छोटे बजट की फिल्मों के लिए प्रेरणा का काम किया है।
स्क्रीनिंग के दौरान बच्चों ने स्टारकास्ट के साथ सवाल-जवाब किया और फिल्म बनाने की प्रक्रिया, अभिनय और शूटिंग के अनुभव के बारे में जाना। बच्चों ने उत्सुकता और उत्साह के साथ कलाकारों से फोटो और ऑटोग्राफ भी लिए।
ग्रूमवेल स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्रों के लिए यह आयोजन खास था, क्योंकि इससे उन्हें फिल्म निर्माण, कला और सिनेमा की दुनिया के करीब जाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि फिल्म और कलाकारों से मिलने का अनुभव बच्चों के लिए प्रेरणादायक रहेगा।
फिल्म के निर्देशक और कलाकारों ने भी कहा कि उन्हें बच्चों के बीच आकर फिल्म दिखाने और उनके साथ बातचीत करने में बहुत खुशी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वे इसी तरह के कई शैक्षिक और सामाजिक आयोजनों में हिस्सा लेंगे।
