जयपुर में 'बेबी डू डाई डू' की स्टारकास्ट ने दिया सरप्राइज, फुटेज में देंखे हुमा कुरैशी-साकिब सलीम को देख खुशी से झूम उठे दर्शक
इंडिपेंडेंट सिनेमा की नई पहचान बन रही फिल्म 'बेबी डू डाई डू' की पूरी स्टारकास्ट ने जयपुर में दर्शकों को यादगार सरप्राइज दिया। फिल्म के निर्माता साकिब सलीम, अभिनेत्री हुमा कुरैशी, अभिनेता मरुधर शेखावत, रचित सिंह और नचीकेत सामंत अचानक शहर के सिनेमाघरों में पहुंच गए। स्टारकास्ट को अपने बीच देखकर दर्शकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और पूरा थिएटर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
ईपी मिराज सिनेमा में अचानक हुई स्टारकास्ट की एंट्री
जवाहर सर्किल स्थित ईपी मिराज सिनेमा में फिल्म का शो चल रहा था। दर्शक बड़े आराम से फिल्म का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक पूरी स्टारकास्ट थिएटर में पहुंच गई। किसी भी दर्शक को इस विजिट की पहले से कोई जानकारी नहीं थी, इसलिए कलाकारों की अचानक हुई एंट्री ने सभी को हैरान कर दिया।दर्शक अपनी सीटों से खड़े हो गए और तालियों के साथ कलाकारों का जोरदार स्वागत किया। यह पल पूरे कार्यक्रम का सबसे खास और यादगार बन गया।
मिराज सिनेमा प्रबंधन ने किया स्वागत
मिराज सिनेमा के नॉर्थ इंडिया हेड अरुण टाक ने स्टारकास्ट का स्वागत किया। इस दौरान कलाकारों ने दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया और फिल्म को मिल रहे प्यार के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
वैशाली नगर के PVR में भी दर्शकों से मिले कलाकार
इसके बाद पूरी टीम वैशाली नगर स्थित PVR पहुंची, जहां उन्होंने फिल्म देखने आए दर्शकों से मुलाकात की। कलाकारों ने दर्शकों के साथ खुलकर बातचीत की, उनके सवालों के जवाब दिए और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने कलाकारों के साथ सेल्फी और तस्वीरें खिंचवाईं। स्टारकास्ट ने दर्शकों के समर्थन और सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए सभी का धन्यवाद भी किया।
तालियों और उत्साह से गूंज उठा थिएटर
स्टारकास्ट की मौजूदगी से दोनों सिनेमाघरों का माहौल पूरी तरह त्सव जैसा हो गया। दर्शकों ने फिल्म के साथ-साथ अपने पसंदीदा कलाकारों से मुलाकात का भी भरपूर आनंद लिया। थिएटर लगातार तालियों, हूटिंग और उत्साह से गूंजता रहा।फिल्म की टीम का कहना है कि दर्शकों से सीधे मिना और उनकी प्रतिक्रिया सुनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। जयपुर में मिला यह गर्मजोशी भरा स्वागत फिल्म की सफलता की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
