Aapka Rajasthan

राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षा अब साल में 2 बार, वीडियो में जाने फरवरी-मार्च में मुख्य और मई में दूसरी परीक्षा

राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षा अब साल में 2 बार, वीडियो में जाने फरवरी-मार्च में मुख्य और मई में दूसरी परीक्षा
 
राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षा अब साल में 2 बार, वीडियो में जाने फरवरी-मार्च में मुख्य और मई में दूसरी परीक्षा

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। इस सत्र से बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। पहली परीक्षा फरवरी-मार्च में मुख्य परीक्षा के रूप में होगी, जबकि दूसरी परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी। राजस्थान बोर्ड सचिव ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के बाद अपने प्रदर्शन में सुधार करने का एक और मौका मिलेगा। हालांकि दूसरी परीक्षा में बैठने के लिए अलग-अलग नियम तय किए गए हैं। बोर्ड के अनुसार मुख्य परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधारने के लिए मई में होने वाली दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

ज्यादा अंक होने पर वही होंगे अंतिम परिणाम में शामिल

मुख्य परीक्षा में पास होने के बाद अगर कोई विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं है तो वह अधिकतम तीन विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकता है। दूसरी परीक्षा में मिलने वाले अंक और मुख्य परीक्षा के अंक में से जिस परीक्षा में ज्यादा अंक होंगे, उन्हें अंतिम परिणाम में शामिल किया जाएगा।इस व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा, जो किसी विषय में अपेक्षा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और अपने नंबर बढ़ाना चाहते हैं। उन्हें अगले साल तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।

दो विषयों में फेल होने पर मिलेगा दूसरा मौका

बोर्ड ने फेल होने वाले विद्यार्थियों के लिए भी नियम स्पष्ट किए हैं। अगर कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी के साथ किसी एक अन्य विषय में फेल होता है यानी दो विषयों में उसके अंक 33 प्रतिशत से कम रहते हैं, तो उसे सीधे फेल नहीं माना जाएगा।ऐसे विद्यार्थियों को मई में होने वाली दूसरी परीक्षा में संबंधित दोनों विषयों में परीक्षा देकर अपने अंक सुधारने का मौका मिलेगा। दूसरी परीक्षा में सफल होने के बाद विद्यार्थी अपनी अगली कक्षा में प्रवेश ले सकेंगे।

3 या उससे ज्यादा विषयों में फेल होने पर नहीं मिलेगा मौका

अगर कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में फेल होता है या परीक्षा में अनुपस्थित रहता है, तो उसे मई में होने वाली दूसरी परीक्षा में बैठने का मौका नहीं दिया जाएगा।ऐसे विद्यार्थियों को अगले साल सभी विषयों की परीक्षा दोबारा देनी होगी। यानी दूसरी परीक्षा का लाभ केवल निर्धारित नियमों के तहत आने वाले विद्यार्थियों को ही मिलेगा।

कक्षा 11 में अस्थायी प्रवेश की भी व्यवस्था

मुख्य परीक्षा में अधिकतम दो विषयों में 33 प्रतिशत से कमअंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 11 में अस्थायी प्रवेश दिया जा सकेगा। हालांकि यह प्रवेश दूसरी परीक्षा के परिणाम तक अस्थायी रहेगा।मई में होने वाली दूसरी परीक्षा में संबंधित विषयों में सफल होने के बाद कक्षा 11 में उनका प्रवेश स्थायी कर दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम के लिए लंबे समय तक इंतजार करते हुए अपनी अगली कक्षा की पढ़ाई रोकनी नहीं पड़ेगी।राजस्थान बोर्ड की इस नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम सुधारने का अतिरिक्त अवसर देना और एक परीक्षा में खराब प्रदर्शन के कारण पूरा साल खराब होने से बचाना है। अब 10वीं के विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के बाद भी अपने प्रदर्शन को सुधारने का मौका मिलेगा।