मौसम विभाग ने इन 21 जिलों में जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट, जैसलमेर-बाड़मेर जिलों में गर्मी ने बनाया नया रिकॉर्ड
राजस्थान में आज से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर ने गुरुवार से प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। गुरुवार को 8 जिलों में ऑरेंज और 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई शहरों में 60KM की रफ्तार से आंधी चल सकती है। कई जगहों पर ओलावृष्टि और तूफानी बारिश हो सकती है।
इससे पहले बुधवार को जैसलमेर में अप्रैल के इतिहास का सबसे गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में भी गर्मी ने अप्रैल का 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां दिन का तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 29 अप्रैल 2014 को 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। भीलवाड़ा में बुधवार को अचानक मौसम बदला और हल्की बूंदाबांदी हुई। उदयपुर में गर्मी को देखते हुए प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। यहां गुरुवार से स्कूल का समय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक रहेगा।
फलौदी और बीकानेर में तापमान 45 के पार
बुधवार को फलौदी में अधिकतम तापमान 45.4, चित्तौड़गढ़-बीकानेर में 45, श्रीगंगानगर में 44.2, जोधपुर में 44, चूरू में 43.4 और वनस्थली (टोंक) में 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर-जैसलमेर समेत कुछ जिलों में लू चली और तेज गर्मी रही।वहीं, जोधपुर में दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्के बादल भी छाए। जयपुर, टोंक और करौली में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन में हल्की उमस भी रही।
