राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज, वीडियो में देंखे बुजुर्गों में भारी उत्साह
राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है। देवस्थान विभाग द्वारा 27 मई से शुरू की गई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज रात 12 बजे बंद हो जाएगी। ऐसे में जिन वरिष्ठ नागरिकों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास आवेदन करने का अंतिम अवसर है।Rajasthan सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर प्रदेश के बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना के तहत देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का लाभ वरिष्ठ नागरिकों को दिया जाता है, जिसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुजुर्गों को सम्मान और सुविधा प्रदान करना है।
देवस्थान विभाग के अनुसार, अब तक इस योजना के लिए करीब 80 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि कुल मिलाकर 1 लाख 35 हजार से अधिक यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें बड़ी संख्या में दंपतियों ने संयुक्त रूप से आवेदन किया है, वहीं कई वरिष्ठ नागरिकों ने अकेले भी आवेदन किया है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में इस बार विशेष उत्साह देखा गया है और पिछले वर्षों की तुलना में आवेदन संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। योजना के तहत चयनित वरिष्ठ नागरिकों को सरकार की ओर से तीर्थ स्थलों की यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से न केवल बुजुर्गों की धार्मिक आस्था को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि उन्हें सामाजिक और मानसिक रूप से भी सकारात्मक अनुभव प्राप्त होता है। इसके साथ ही यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सम्मानजनक यात्रा का अवसर भी प्रदान करती है।देवस्थान विभाग ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि जो लोग अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे निर्धारित समय सीमा से पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। फिलहाल, आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिन को देखते हुए पोर्टल पर भारी ट्रैफिक देखा जा रहा है। विभाग ने तकनीकी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी भी बढ़ा दी है ताकि आवेदन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
