नौतपा की शुरुआत के साथ बढ़ी तपिश, वीडियो में देंखे अगले 9 दिन झुलसाएगी गर्मी; कई शहरों में पारा 47° के पार
देशभर में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है और अब नौतपा की शुरुआत के साथ तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले 9 दिनों तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज गर्मी और हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहने की संभावना है। रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से करीब 4.6 डिग्री ज्यादा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश भी भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के बांदा जिले में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला बन गया। गर्म हवाओं और लू के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।वहीं मध्य प्रदेश के नौगांव और खजुराहो में सबसे अधिक तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के कई हिस्सों में दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखाई दीं। प्रशासन लगातार लोगों से जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने और अधिक पानी पीने की अपील कर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ जाता है। इस बार नौतपा की शुरुआत के साथ ही कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति बन गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित कई क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद भी दी है। विभाग के मुताबिक 29 मई के बाद उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। कुछ राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं, जिसका असर आने वाले दिनों में दिखाई दे सकता है।
डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।फिलहाल देश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर है और नौतपा के अगले कुछ दिन लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। अब सभी की नजरें मौसम विभाग के उस अनुमान पर टिकी हैं, जिसमें 29 मई के बाद राहत भरी बारिश की संभावना जताई गई है।
