जयपुर के रावत मिष्ठान भंडार पर फूड सेफ्टी टीम का छापा, वीडियो में जाने चॉकलेट-बेकरी आइटम में मिले जिंदा और मरे हुए कीड़े
जयपुर में मशहूर रावत मिष्ठान भंडार की अजमेर रोड और नारायण सिंह सर्किल स्थित दुकानों पर फूड सेफ्टी टीम ने छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान टीम को चॉकलेट और बेकरी उत्पादों में जिंदा और मृत कीड़े, मक्खियां तथा कॉकरोच मिले। कई पैकिंग पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट सहित खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां भी दर्ज नहीं थीं। टीम ने अजमेर रोड स्थित दुकान से जांच के लिए केसर पिस्ता बर्फी का नमूना लिया।
जानकारी के अनुसार, फूड सेफ्टी टीम ने सबसे पहले अजमेर रोड स्थित रावत मिष्ठान भंडार पर निरीक्षण किया। यहां बिक्री काउंटर और चिलर में रखी पैकेटबंद मिठाइयों की पैकिंग पर जरूरी जानकारी नहीं मिली। तैयार खाद्य पदार्थों पर भी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट सहित आवश्यक विवरण दर्ज नहीं थे।
बेकरी काउंटर के नीचे मिले मृत कॉकरोच और मक्खियां
निरीक्षण के दौरान टीम को बेकरी काउंटर के नीचे मृत कॉकरोच और मयां मिलीं। मिठाई बनाने वाली जगह पर जमीन पर खाद्य पदार्थों के अवशेष और गंदगी भी पाई गई। इसके अलावा कच्चा माल रखने की जगह पर भी साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़ी कमियां सामने आईं।टीम ने दुकान पर मिलने वाली केसर पिस्ता बर्फी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों को रखने और परोसने के तरीके पर भी सवाल उठे।
अखबार पर रखकर परोसी जा रही थी राज कचौरी और दही पूरी
फूड सेफ्टी टीम को दुकान पर राज कचौरी और दही पूरी जैसे खाद्य पदार्थ अखबार पर रखकर परोसे जाते हुए मिले। खाद्य पदार्थों को अखबार पर परोसना स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानी जाती है। निरीक्षण के दौरान टीम ने इस व्यवस्था को भी दर्ज किया।
हेजलनट मिल्क और चॉकलेट में मिले कीड़े
जांच के दौरान कोल्ड स्टोरेज में रावत मिष्ठान भंडार के नाम से तैयार और पैक किए गए हेजलनट मिल्क तथा रोस्टेड चोको आलमंड हैंडक्राफ्टेड चॉकलेट भी मिलीं। टीम के मुताबिक, इन उत्पादों में जिंदा और मृत कीड़े पाए गए। इनकी पैकिंग पर भी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी जानकारियां पूरी तरह दर्ज नहीं थीं।इस कार्रवाई में सामने आई कमियों के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पैकेजिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच के लिए लिए गए नमूनों की रिपोर्ट से उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होगी। खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार पैक्ड खाद्य पदार्थों पर जरूरी जानकारी दर्ज करना और खाद्य सामग्री को स्वच्छ परिस्थितियों में तैयार व सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
