अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, वीडियो में देंखे होटल-बार पर छापा, भारी मात्रा में शराब जब्त
झुंझुनूं जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी छापेमारी की है। झुंझुनूं और जयपुर की विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाकर तोगड़ा गांव स्थित एक होटल और बार पर दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन उस्मानी के नेतृत्व में की गई। विभागीय टीम को पहले से ही मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि तोगड़ा गांव स्थित “बलोदा होटल एंड रेस्टो बार” में नियमों के खिलाफ गतिविधियां संचालित की जा रही हैं और बार की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का भंडारण किया गया है।
सूचना के आधार पर तैयार की गई रणनीति के तहत दोनों जिलों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अचानक छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम को होटल परिसर और बार क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि होटल और बार की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चलाया जा रहा था। टीम अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की सप्लाई किन स्रोतों से की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद स्टाफ से पूछताछ की गई और कई दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल जब्त शराब की मात्रा और उसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है, जबकि रे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
